UP Crime: हिस्ट्रीशीटर की बड़ी साजिश फेल! गवाही रोकने के लिए फैला रहा था डर

गोरखपुर के राजघाट थाना पुलिस ने जमीन विवाद में वादी को जान से मारने की धमकी देकर उसकी जमीन हड़पने की कोशिश करने वाले एक शातिर हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।

Updated : 13 June 2026, 8:34 PM IST

Gorakhpur:  गोरखपुर के राजघाट थाना पुलिस ने जमीन विवाद में वादी को जान से मारने की धमकी देकर उसकी जमीन हड़पने की कोशिश करने वाले एक शातिर हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी पर हत्या के प्रयास समेत कई संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं और उसका लंबा आपराधिक इतिहास रहा है।

राजघाट को गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत थाना राजघाट पुलिस ने वांछित अभियुक्त सैयद नसीम अब्बास उर्फ अली अब्बास निवासी बसंतपुर कुम्हार गली, थाना राजघाट को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ थाना राजघाट में दर्ज मुकदमा के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी का वादी से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर वादी पर जानलेवा हमला किया था। इतना ही नहीं, कोर्ट में गवाही देने से रोकने और इलाके में दहशत का माहौल बनाकर वादी की भूमि पर कब्जा करने की साजिश भी रची जा रही थी। पीड़ित की तहरीर के आधार पर राजघाट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसके बाद से आरोपी फरार चल रहा था।

अमरोहा मर्डर केस में बड़ा यू-टर्न, उम्रकैद की सजा काट रही महिला को इलाहाबाद हाईकोर्ट से मिली जमानत

गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी बेहद गंभीर है। उसके खिलाफ राजघाट, कोतवाली और कैंट थानों में हत्या के प्रयास, मारपीट, धमकी, आर्म्स एक्ट तथा एससी-एसटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में आठ मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2019 से लेकर 2026 तक उसके खिलाफ लगातार आपराधिक मामले दर्ज होते रहे हैं, जिसके चलते वह पुलिस के रिकॉर्ड में हिस्ट्रीशीटर के रूप में दर्ज है।

UP Weather 14 June: उत्तर प्रदेश में कल का मौसम कैसा रहेगा? कुछ ही घंटों में बारिश और तेज आंधी की दस्तक संभव

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में जमीन कब्जाने, धोखाधड़ी और दबंगई से जुड़े अपराधों पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा उसके अन्य आपराधिक नेटवर्क और गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।
इस गिरफ्तारी को राजघाट पुलिस की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष गौरव कुमार वर्मा, उपनिरीक्षक योगेंद्र कुमार पांडेय, हेड कांस्टेबल सुजीत चौधरी तथा कांस्टेबल सुनील यादव शामिल रहे।

Location :  गोरखपुर

Published :  13 June 2026, 8:34 PM IST