हिंदी
अज्ञात युवक की पहचान कराने में जुटी पुलिस (Img: Dynamite News)
Mainpuri: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां दिवाली की खुशियों के बीच एक घर में मातम पसर गया। एक युवक की कथित तौर पर ईंटों से कुचलकर हत्या कर दी गई। खून से लथपथ शव मिलने से रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर सनसनी फैल गई, जब करीब 35 वर्षीय अज्ञात युवक का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। युवक की ईंटों से कुचलकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। सुबह-सुबह शव मिलने की खबर से रेलवे स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 6 बजे जब पल्लेदार और अन्य लोग स्टेशन परिसर में पहुंचे तो उनकी नजर प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर पड़े युवक के शव पर पड़ी। युवक की हालत देखकर वहां मौजूद लोग सहम गए। शव के पास ईंटें पड़ी होने और युवक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान होने की बात सामने आई। इसके बाद लोगों ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास मौजूद लोगों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
युवक की निर्मम हत्या (Img: Dynamite News)
फिलहाल मृतक युवक की पहचान नहीं हो सकी है। युवक की उम्र लगभग 35 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस मृतक की शिनाख्त कराने के प्रयास कर रही है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि युवक स्टेशन परिसर में कब और किन परिस्थितियों में पहुंचा था।
ये भी पढ़े: मैनपुरी में डाइनामाइट न्यूज़ का बड़ा असर, कृष्णा कुंज कॉलोनी से हटा गया अतिक्रमण
प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। आशंका है कि अज्ञात हमलावरों ने युवक की ईंटों से कुचलकर हत्या की और घटनास्थल पर शव छोड़कर फरार हो गए। हालांकि हत्या के वास्तविक कारणों और घटना में शामिल लोगों के संबंध में पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Location : Mainpuri
Published : 7 November 2026, 1:53 PM IST