हिंदी
शादी का झांसा देकर दो साल तक संबंध बनाए (Img: AI)
Mainpuri: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के किशनी थाना क्षेत्र में एक युवती ने गांव के ही युवक पर शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी से इंकार करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक मैनपुरी को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़िता के अनुसार वह किशनी थाना क्षेत्र के ग्राम नगला खिरिया की रहने वाली है। उसने आरोप लगाया कि गांव के ही अंकुश पुत्र रामवीर ने उसे शादी का भरोसा दिया था। इसी भरोसे के आधार पर आरोपी ने करीब दो वर्षों तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। युवती का कहना है कि आरोपी लगातार शादी का आश्वासन देता रहा, जिससे उसने उस पर विश्वास किया। बाद में जब उसने शादी की बात को गंभीरता से उठाया तो आरोपी का रवैया बदल गया।
पीड़िता का आरोप है कि संबंधों के दौरान वह गर्भवती हो गई। इसके बाद उसने आरोपी से शादी अथवा कोर्ट मैरिज करने की बात कही। आरोप है कि इस पर युवक ने गर्भपात कराने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। युवती का कहना है कि जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़िता ने बताया कि कुछ समय बाद आरोपी दिल्ली चला गया। वहां से भी वह संपर्क में रहा, लेकिन शादी करने के बजाय केवल आधार कार्ड में नाम दर्ज कराने और भविष्य में विवाह करने का आश्वासन देता रहा। युवती का आरोप है कि आरोपी ने उसे लगातार भरोसे में रखा, लेकिन कभी शादी करने की ठोस पहल नहीं की।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि जब आरोपी गांव लौटा तो उसके कुछ सहयोगियों ने भी उसके साथ अभद्रता की। उन्होंने मारपीट की और धमकियां दीं। युवती का कहना है कि आरोपी के परिवार के लोग भी उसका सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
पीड़िता का कहना है कि उसने इस मामले में दो बार किशनी थाने में शिकायत दी, लेकिन उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। इसके बाद उसने पुलिस अधीक्षक मैनपुरी को प्रार्थना पत्र सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस अधीक्षक कार्यालय में दी गई शिकायत के आधार पर मामले की जांच की प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Mainpuri
Published : 25 June 2026, 2:53 PM IST
Topics : mainpuri news Marriage Promise Case Physical Exploitation Case Uttar Pradesh News woman complaint