कांवड़ लेने निकले थे खुशी-खुशी… रास्ते में मौत ने मचाया कोहराम, तेज रफ्तार DCM ने मारी ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर

मैनपुरी में कांवड़ लेने जा रहे श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली को एटा बाईपास पर तेज रफ्तार डीसीएम ने टक्कर मार दी। हादसे में पांच श्रद्धालु घायल हुए, जिनमें सत्यपाल की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने डीसीएम चालक को हिरासत में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 2 August 2026, 3:40 PM IST
google-preferred

मैनपुरी: कांवड़ लेने जा रहे श्रद्धालुओं के लिए शनिवार रात का सफर दर्दनाक हादसे में बदल गया। एटा बाईपास पर गोकुलपुर के पास तेज रफ्तार डीसीएम ने श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ट्रॉली में सवार पांच लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल एक श्रद्धालु ने इलाज के लिए ले जाते समय दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

कछला घाट के लिए निकले थे श्रद्धालु

जानकारी के अनुसार, थाना कुरावली क्षेत्र के ग्राम किशनपुर निवासी सत्यपाल पुत्र बदले सिंह शनिवार रात अपने साथियों के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली से कछला घाट कांवड़ लेने जा रहे थे। सभी श्रद्धालु कांवड़ यात्रा को लेकर उत्साहित थे और इसी दौरान उनका वाहन एटा बाईपास स्थित गोकुलपुर के पास पहुंचा।

बताया गया कि इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रॉली में सवार पांच श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद मची चीख-पुकार

टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस और लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

सत्यपाल की हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में मौत

सत्यपाल को गंभीर हालत में सैफई ले जाया जा रहा था। लेकिन शनिवार और रविवार की मध्यरात्रि में कोतवाली थाना क्षेत्र मैनपुरी के शीतला माता मंदिर के पास पहुंचते ही उन्होंने रास्ते में दम तोड़ दिया। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों में मातम पसर गया।

पोस्टमार्टम हाउस पर जुटे परिजन

मौत की सूचना मिलने के बाद सत्यपाल के परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस पर मृतक के परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

DCM चालक हिरासत में

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। डीसीएम चालक को वाहन समेत हिरासत में ले लिया गया है। आरोपी चालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Bank FD New Rules: लगा लें हिसाब! जल्द बदल जाएगा FD का नियम, जानिए RBI के नए नियम और ग्राहकों का फायदा-नुकसान

कांवड़ यात्रा के दौरान हादसे से शोक

कांवड़ लेने जा रहे श्रद्धालुओं के साथ हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। एक तरफ श्रद्धालु कांवड़ यात्रा के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।

Location :  Mainpuri

Published :  2 August 2026, 3:40 PM IST

Advertisement