हिंदी
महराजगंज के नौतनवा क्षेत्र में शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग में 10 एकड़ से अधिक गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। दमकल की देरी से पहुंचे पर ग्रामीणों में आक्रोश है। प्रशासन ने नुकसान का आकलन शुरू कर मुआवजे का भरोसा दिया है।
महराजगंज में आग ने मचाई तबाही (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Maharajganj: महराजगंज जिले के नौतनवा तहसील क्षेत्र में गुरुवार को एक भीषण आग की घटना ने किसानों को भारी नुकसान पहुंचाया। सोनौली कोतवाली अंतर्गत ग्राम पंचायत जगन्नाथपुर टोला पंडितपुर सिवान में अचानक लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग बिजली के तार में हुए शॉर्ट सर्किट के कारण लगी थी।
स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, आग इतनी तेजी से फैली कि करीब 10 एकड़ से अधिक क्षेत्र में खड़ी गेहूं की फसल इसकी चपेट में आ गई। तेज हवा ने आग को और भड़काने का काम किया, जिससे कुछ ही समय में दर्जनों किसानों की महीनों की मेहनत जलकर राख हो गई। खेतों में लगी आग का दृश्य बेहद भयावह था और दूर-दूर तक धुएं के गुबार दिखाई दे रहे थे।
घटना की सूचना तुरंत दमकल विभाग और प्रशासन को दी गई थी, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि फायर ब्रिगेड की टीम समय पर मौके पर नहीं पहुंची। इसी देरी के कारण आग पर काबू पाने में काफी समय लग गया और नुकसान कई गुना बढ़ गया। किसानों का कहना है कि अगर दमकल समय से पहुंच जाती तो इतनी बड़ी तबाही को रोका जा सकता था।
दमकल की देरी से भड़के किसान (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
आग की भयावहता को देखते हुए गांव के लोग खुद ही आग बुझाने के प्रयास में जुट गए। उन्होंने झाड़-डंडों, बाल्टियों और उपलब्ध संसाधनों के सहारे आग पर काबू पाने की कोशिश की। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग को नियंत्रित किया जा सका, लेकिन तब तक अधिकांश फसल पूरी तरह जल चुकी थी।
महराजगंज में एक्शन मोड में SP, लंबित मामलों को लेकर दिए ये कड़े निर्देश
इस घटना के बाद प्रभावित किसानों में भारी आक्रोश और निराशा का माहौल है। किसानों का कहना है कि उनकी पूरी आजीविका इस फसल पर निर्भर थी, जो अब जलकर खत्म हो गई है। उन्होंने प्रशासन से उचित मुआवजे और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही तहसील प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। नायब तहसीलदार सौरभ कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि प्रथम दृष्टया 10 एकड़ से अधिक फसल के नुकसान का अनुमान है। राजस्व विभाग की टीम प्रभावित किसानों की सूची तैयार कर रही है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
महराजगंज में स्कूल की एक गलती ने क्यों मचा दिया बवाल? 5वीं के छात्र की… जानिए पूरा मामला
प्रशासन ने पीड़ित किसानों को हर संभव सहायता और मुआवजा देने का भरोसा दिलाया है। वहीं ग्रामीणों ने जर्जर बिजली तारों की मरम्मत और आपातकालीन सेवाओं को मजबूत करने की मांग उठाई है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।