
एसपी सोमेंद्र मीणा ने किया औचक निरीक्षण
Maharajganj: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित उप-निरीक्षक (नागरिक पुलिस) भर्ती परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिले में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। शनिवार को पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने कई परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उनके अचानक निरीक्षण से परीक्षा केंद्रों पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों में हलचल बढ़ गई।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने जिले के प्रमुख परीक्षा केंद्रों, जवाहर लाल नेहरू स्नातकोत्तर महाविद्यालय (कोतवाली क्षेत्र), महामाया पॉलिटेक्निक, डॉ. भीमराव अंबेडकर स्नातकोत्तर महाविद्यालय तथा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज का दौरा किया। उन्होंने परीक्षा कक्षों में जाकर अभ्यर्थियों की बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध और अन्य व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा।
एसपी ने विशेष रूप से प्रवेश और निकास द्वारों पर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया तथा यह सुनिश्चित किया कि बिना जांच के किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश न दिया जाए।
परीक्षा को नकलविहीन बनाने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी व्यवस्था को मजबूत रखा गया है। पुलिस अधीक्षक ने कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया और वहां से की जा रही मॉनिटरिंग की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा के दौरान हर गतिविधि पर लगातार नजर रखी जाए।
गैस की किल्लत या कालाबाजारी? देश के 36% उपभोक्ताओं ने बताया- खुलेआम हो रही लूट
इसके अलावा पेयजल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं की भी जांच की गई ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा पूरी तरह नकलविहीन और पारदर्शी वातावरण में संपन्न कराई जाए। उन्होंने कहा कि अगर किसी भी स्तर पर अनियमितता, लापरवाही या संदिग्ध गतिविधि पाई जाती है तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को भी पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए और कहा कि परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि या अव्यवस्था को तुरंत रोका जा सके।
जिले में आयोजित इस भर्ती परीक्षा में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। प्रशासन की सख्ती और लगातार निगरानी के चलते परीक्षा केंद्रों पर अनुशासित और शांतिपूर्ण माहौल देखने को मिला। अधिकारियों का कहना है कि पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए पूरी प्रक्रिया पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
Location : Maharajganj
Published : 14 March 2026, 2:54 PM IST
Topics : Exam Security Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) police recruitment Somendra Meena UP Police SI Exam 2026