
विद्यालय परिसर
Maharajganj: आज के दौर में जब पढ़ाई को सिर्फ नंबरों की दौड़ समझा जाने लगा है, ऐसे समय में फरेंदा क्षेत्र स्थित स्कॉलर्स एकेडमी ने यह साबित कर दिया कि मेहनत, लगन और सही मार्गदर्शन को सम्मान मिलना चाहिए। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने और उनका हौसला मजबूत करने के उद्देश्य से विद्यालय परिसर में सत्र 2024–25 की वार्षिक परीक्षा में सर्वोच्च अंक हासिल करने वाले छात्रों के लिए एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
सम्मान समारोह के दौरान विद्यालय निदेशक अदनान अब्दुल्लाह ने कक्षा 6 के आदित्य जायसवाल, कक्षा 7 के रेहान खान, कक्षा 8 के आलोक जायसवाल, कक्षा 9 के शाश्वत त्रिपाठी और कक्षा 11 की अनामिका पाल को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए मंच पर बुलाकर सम्मानित किया। प्रत्येक छात्र को छात्रवृत्ति के रूप में 21-21 हजार रुपये की सम्मान राशि का चेक प्रदान किया गया। जैसे ही छात्रों के हाथों में चेक पहुंचे, उनके चेहरों पर आत्मविश्वास और खुशी साफ झलकने लगी और पूरा सभागार तालियों की गूंज से भर उठा।
महराजगंज बस स्टेशन का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, गंदगी पर लगाई फटकार, दिए ये सख्त निर्देश
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय निदेशक अदनान अब्दुल्लाह ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज की सबसे मजबूत नींव होती है। यदि प्रतिभाशाली छात्रों को सही समय पर प्रोत्साहन और दिशा मिले, तो वे न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे समाज और देश का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने छात्रों से अनुशासन, निरंतर परिश्रम और लक्ष्य के प्रति ईमानदारी बनाए रखने की अपील की।
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. दिनेश प्रताप सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि स्कॉलर्स एकेडमी का उद्देश्य सिर्फ परीक्षा में अच्छे अंक लाना नहीं, बल्कि छात्रों का सर्वांगीण विकास करना है। इस तरह के सम्मान समारोह छात्रों में सकारात्मक प्रतिस्पर्धा पैदा करते हैं और उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
विद्यालय प्रबंधक सैय्यद अरशद ने मेधावी छात्रों को बधाई देते हुए भरोसा दिलाया कि विद्यालय भविष्य में भी छात्रवृत्ति और सम्मान योजनाओं के माध्यम से होनहार विद्यार्थियों को पूरा सहयोग देता रहेगा। समारोह में विद्यार्थियों के माता-पिता को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया गया, जिससे छात्रों का मनोबल और आत्मविश्वास और मजबूत हुआ। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के एकेडमिक हेड तुफैल अहमद ने किया। इस अवसर पर शिक्षक, छात्र और अभिभावक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
Location : Maharajganj
Published : 4 February 2026, 5:23 AM IST
Topics : Maharajganj Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) Scholar Academy Scholarship Program Student Award