महराजगंज में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने कोल्हुई, सोनौली और नौतनवा थानों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने रिकॉर्ड, मालखाना और महिला हेल्प डेस्क की जांच की। साथ में लंबित मामलों के जल्द निस्तारण के निर्देश दिए।

महराजगंज एसपी शक्ति मोहन अवस्थी एक्शन मोड़ में
Maharajganj: महराजगंज जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी शुक्रवार को एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने अचानक कोल्हुई, सोनौली और नौतनवा थानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान थाना कार्यालय, CCTNS कक्ष, अपराध पंजिका, अभिलेखों का रख-रखाव, मालखाना, हवालात और महिला हेल्प डेस्क की व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने थानों में साफ-सफाई और दस्तावेजों के रखरखाव को लेकर भी अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी रिकॉर्ड सुव्यवस्थित और अद्यतन होने चाहिए ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
लंबित मामलों के निस्तारण और गिरफ्तारी के निर्देश
एसपी ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि लंबित विवेचनाओं का जल्द और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। इसके साथ ही वांछित अपराधियों और वारंटियों की गिरफ्तारी में तेजी लाने पर भी जोर दिया गया।
उन्होंने बीट पुलिसिंग को मजबूत करने, इलाके में नियमित गश्त बढ़ाने और अपराध नियंत्रण के लिए सक्रिय सूचना तंत्र विकसित करने के निर्देश दिए। एसपी ने यह भी कहा कि जन शिकायतों पर पारदर्शी और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए ताकि आम लोगों का पुलिस पर भरोसा मजबूत हो।
पुलिसकर्मियों को दिया अनुशासन का संदेश
निरीक्षण के दौरान एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को अनुशासन और सतर्कता के साथ काम करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि हर पुलिसकर्मी अपनी कार्यशैली में पारदर्शिता और जवाबदेही को प्राथमिकता दे।
साथ ही उन्होंने पुलिसकर्मियों को आम जनता के साथ संवेदनशील और विनम्र व्यवहार बनाए रखने के लिए भी प्रेरित किया। उनका कहना था कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद से ही कानून-व्यवस्था मजबूत होती है।
Sonauli Border पर SSB के साथ संयुक्त निरीक्षण
थानों के निरीक्षण के बाद एसपी ने भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित Sonauli Border का भी दौरा किया। यहां उन्होंने SSB अधिकारियों के साथ संयुक्त निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
इस दौरान सीमा पर आवागमन नियंत्रण, इमीग्रेशन चेकिंग और संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की जांच व्यवस्था को बारीकी से परखा गया। एसपी ने निर्देश दिए कि सीमा क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस और SSB के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखा जाए।
उन्होंने खास तौर पर तस्करी, मानव तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। एसपी ने स्पष्ट किया कि जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए हर स्तर पर जवाबदेही तय की जाएगी।