हिंदी
नियमों को ताक पर रखकर हो रहा सड़क चौड़ीकरण
महराजगंज: विकास की आड़ में बर्बादी! महराजगंज-निचलौल मार्ग पर हो रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य ने आम लोगों का जीना दुश्वार कर दिया है। नियमों को ताक पर रखकर चल रहा ये निर्माण कार्य अब लोगों की सेहत के लिए भी खतरा बनता जा रहा है।" NHAI द्वारा हो रहा सड़क चौड़ीकरण कार्य लोगों की परेशानी का कारण बन गया है। साइन बोर्ड गायब हैं, सुरक्षा मानकों की धज्जियां उड़ रही हैं और सबसे बड़ी समस्या है।
एक तरफ़ सरकार विकास के नाम पर सड़कों का चौड़ीकरण कर रही है, वहीं दूसरी तरफ इसका खामियाजा आम जनता को उठाना पड़ रहा है। महराजगंज-निचलौल मार्ग पर NHAI (भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) द्वारा चल रहा सड़क निर्माण कार्य कई गंभीर लापरवाहियों से घिरा हुआ है।
इस क्षेत्र में बसे गांवों के लोग भी लगातार उड़ती धूल की वजह से बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। सबसे चिंताजनक बात यह है कि निर्माण कार्य के दौरान पानी का नियमित छिड़काव नहीं किया जाता। स्थानीय लोगों ने बताया कि तीन से चार दिन में सिर्फ एक बार ही पानी का छिड़काव किया जाता है, वह भी कभी-कभी। इस लापरवाही से ग्रामीणों को न सिर्फ़ परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, बल्कि उनके स्वास्थ्य पर भी विपरीत असर पड़ रहा है।
एनएचएआई के अधिकारियों की अनदेखी और लापरवाही से क्षेत्र में जनाक्रोश भी पनपने लगा है। लोगों का कहना है कि जब तक निर्माण कार्य में मानकों का पालन नहीं किया जाएगा और नियमित पानी का छिड़काव सुनिश्चित नहीं किया जाएगा, तब तक समस्या बनी रहेगी। वही अब देखने वाली बात यह है कि आने वाले दिनों में इसका समाधान कब तक निकलता है। लोगों को कब तक इस परेशानी से छुट्टी मिलती है।
Location : Maharajganj
Published : 9 June 2025, 6:07 PM IST
Topics : Dust Problems Maharajganj News NHAI Construction pollution Road Widening Issue Uttar Pradesh News