
समीक्षा करते जिलाधिकारी
Maharajganj: उत्तर प्रदेश के महराजगंज में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को मजबूत करने के लिए जिलाधिकारी सन्तोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सड़क सुरक्षा समिति एवं परिवहन सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण और नियमों के सख्त अनुपालन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सड़क सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को मिलकर काम करने और दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए।
डीएम ने जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी और यातायात पुलिस को निर्देश दिया कि सभी बेसिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाए। छात्रों को हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व के बारे में जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया।
भारत-नेपाल सीमा पर बड़ी कार्रवाई: बॉर्डर पर शराब की खेप बरामद, तस्कर मौके से फरार…
उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों द्वारा हेलमेट के अनिवार्य उपयोग और चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट पहनने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। साथ ही स्कूल वाहनों और टैक्सियों के चालकों की नियमित आंखों की जांच, लाइसेंस सत्यापन और प्रशिक्षण सुनिश्चित करने को कहा गया।
स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया गया कि ब्लॉक स्तर के सीएचसी पर एम्बुलेंस चालकों सहित अन्य वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा का प्रशिक्षण अनिवार्य रूप से दिया जाए, ताकि आपात स्थिति में त्वरित और सुरक्षित सेवाएं दी जा सकें।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्कूलों में आने-जाने वाले बच्चों को बसों, टैक्सियों और ई-रिक्शा में निर्धारित क्षमता से अधिक न बैठाया जाए, ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके। इसके अलावा अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी को निर्देश दिया गया कि सभी पुलों और पुलियों की क्षतिग्रस्त रेलिंग की मरम्मत की जाए तथा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों और तीव्र मोड़ों पर साइन बोर्ड, रिफ्लेक्टर और चेतावनी संकेतक लगाए जाएं।
गोरखपुर में क्राइम पर बड़ा वार: 4 अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खुली… बढ़ी पुलिस निगरानी
यातायात पुलिस को सख्त निर्देश दिए गए कि तेज गति और नियम उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमित चालान और कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। मुख्य चिकित्साधिकारी को भी निर्देश दिया गया कि सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों को समय पर उपचार उपलब्ध कराया जाए।
बैठक में कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी आर.के. मिश्रा, एआरएम सर्वजीत वर्मा, एआरटीओ मनोज सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी रिद्धि पाण्डेय और टीआई ए.वी. सिंह शामिल रहे।
Location : Maharajganj
Published : 24 March 2026, 11:59 PM IST
Topics : DM Santosh Kumar Sharma Maharajganj News maharajganj police road safety committee traffic management