बाढ़ को लेकर प्रशासन अलर्ट: SDM सदर ने रोहिन नदी के तटबंधों का किया निरीक्षण, हर हाल में सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश

महराजगंज में संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। एसडीएम सदर ने रोहिन नदी के प्रमुख तटबंधों का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की और अधिकारियों को कई अहम निर्देश दिए।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 7 August 2026, 9:17 PM IST

Maharajganj: मानसून के बीच संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए महराजगंज जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। शुक्रवार को एसडीएम सदर और तहसीलदार सदर ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ रोहिन नदी के प्रमुख तटबंधों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बाढ़ सुरक्षा से जुड़े इंतजामों का जायजा लिया और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी संबंधित विभागों को पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए।

रोहिन नदी के प्रमुख तटबंधों का किया निरीक्षण

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने रोहिन नदी से जुड़े कई महत्वपूर्ण तटबंधों का बारीकी से निरीक्षण किया। इसमें जरडी-डोमरा बायां तटबंध, चेहरी तटबंध, अमहवां रिंग तटबंध, लक्ष्मीपुर रिंग तटबंध और अनंतपुर-बड़हरा तटबंध शामिल रहे। अधिकारियों ने तटबंधों की मजबूती, संरचनात्मक स्थिति और संवेदनशील स्थानों की जांच की। साथ ही यह भी देखा गया कि कहीं कटान, रिसाव या अन्य किसी तरह की तकनीकी समस्या तो नहीं है।

बाढ़ सुरक्षा सामग्री का भी लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग द्वारा उपलब्ध कराई गई बाढ़ सुरक्षा सामग्री की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने देखा कि आपात स्थिति में उपयोग होने वाले संसाधन पर्याप्त मात्रा में मौजूद हैं या नहीं। एसडीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बाढ़ चौकियों पर जरूरी उपकरण, राहत सामग्री और अन्य संसाधनों की किसी भी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। जरूरत पड़ने पर राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू किए जा सकें, इसके लिए पहले से पूरी तैयारी रखी जाए।

ये भी पढ़ें- बुनकरों की चमकेगी किस्मत, नाबार्ड के कार्यक्रम में 100 से अधिक बुनकरों को मिली नई तकनीक और ऑनलाइन बिजनेस की ट्रेनिंग

तटबंधों की स्थिति मिली संतोषजनक

संयुक्त निरीक्षण में सभी तटबंधों की स्थिति फिलहाल संतोषजनक पाई गई। हालांकि प्रशासन ने किसी भी तरह की लापरवाही से बचने के लिए संबंधित अधिकारियों को लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। एसडीएम ने कहा कि यदि कहीं तटबंध पर कटान, रिसाव या किसी भी प्रकार की असामान्य गतिविधि दिखाई देती है तो उसकी सूचना तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को दी जाए और बिना देरी किए आवश्यक कार्रवाई की जाए।

आपात स्थिति से निपटने की तैयारी तेज

प्रशासन का कहना है कि मानसून के दौरान नदी का जलस्तर कभी भी बढ़ सकता है। ऐसे में पहले से तैयार रहना बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाने पर भी जोर दिया गया है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि बाढ़ प्रभावित हो सकने वाले गांवों पर विशेष नजर रखी जाए और जरूरत पड़ने पर राहत कार्यों की योजना पहले से तैयार रखी जाए।

ये भी पढ़ें- श्रद्धालुओं की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं… मंडल आयुक्त संगीता सिंह ने लहरा गंगा घाट का किया निरीक्षण, अहम निर्देश

लोगों से भी सतर्क रहने की अपील

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से भी बातचीत की और अपील की कि बारिश के दौरान नदी किनारे अनावश्यक रूप से न जाएं। अगर किसी स्थान पर तटबंध में दरार, कटान या पानी का रिसाव दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दें।

Location :  Maharajganj

Published :  7 August 2026, 9:17 PM IST