महराजगंज में बाढ़ का खतरा, निचलौल के संवेदनशील इलाकों में डीएम-एसपी ने संभाला मोर्चा

महराजगंज के निचलौल क्षेत्र में बाढ़ और कटान के खतरे को देखते हुए डीएम-एसपी ने टेल फॉल और बलुआ टोला गेडहवा का निरीक्षण किया। राहत तैयारियों की समीक्षा की गई।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 27 September 2026, 2:32 PM IST
google-preferred

महराजगंज: लगातार बारिश के बीच संभावित बाढ़ और जलभराव के खतरे को देखते हुए महराजगंज प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। रविवार को जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने निचलौल क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने टेल फॉल और ग्राम बलुआ टोला गेडहवा पहुंचकर हालात का जायजा लिया और राहत-बचाव तैयारियों की समीक्षा की।निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने नदी के जलस्तर, बहाव, कटान की स्थिति और आसपास के ग्रामीण इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए।

ग्रामीणों से जाना हालात का सच

डीएम और एसपी ने मौके पर मौजूद ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने जलभराव, कटान और संभावित बाढ़ को लेकर अपनी चिंताएं अधिकारियों के सामने रखीं।अधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

राहत सामग्री और निगरानी के निर्देश

निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिया कि संवेदनशील और प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री की उपलब्धता पहले से सुनिश्चित की जाए।उन्होंने कहा कि खाद्य सामग्री समेत जरूरी संसाधनों की व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। साथ ही अधिकारियों को 24 घंटे निगरानी बनाए रखने और जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी रखने के निर्देश दिए गए।प्रशासन ने बताया कि बारिश और जलस्तर की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी संभावित खतरे से समय रहते निपटा जा सके।

Location :  Maharajganj

Published :  27 September 2026, 2:32 PM IST

Related News

Advertisement