हिंदी
Maharajganj: महराजगंज जिले के फरेंदा थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव में बुजुर्ग सच्चाराम गुप्ता की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मृतक की छोटी बहू सुनीता गुप्ता की तहरीर पर शिक्षामित्र शोभा गुप्ता, कृष्णा गुप्ता और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 210/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 238 में केस दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
शुक्रवार सुबह सच्चाराम गुप्ता का शव घर के पास मिलने से पूरे गांव में सनसनी फैल गई थी। सूचना मिलते ही फरेंदा थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जांच टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, साक्ष्य एकत्र किए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अब पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि परिवार में लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते सच्चाराम गुप्ता की हत्या की गई। पुलिस का कहना है कि तहरीर में लगाए गए आरोपों की हर पहलू से जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्य, परिजनों के बयान और अन्य तथ्यों के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घर के बाहर खड़ा था मौत का जाल! टिनशेड के पाइप को छूते ही महिला की चली गई जान
फरेंदा थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। विवेचना के दौरान सामने आने वाले सभी तथ्यों का परीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति जांच में दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Maharajganj
Published : 31 July 2026, 2:45 PM IST