Maharajganj में नशा तस्करी और ATM ठगी गिरोह का भंडाफोड़, पुलिस की कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप

महराजगंज पुलिस ने भारत-नेपाल सीमा पर बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में नशीली दवाएं बरामद कर 5 अंतरजनपदीय ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है। वहीं एटीएम बदलकर ठगी करने वाले दो शातिर अपराधियों को भी पुलिस ने दबोच लिया। पुलिस की इस ट्रिपल कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मच गया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 7 May 2026, 3:52 PM IST

Maharajganj: पुलिस ने भारत-नेपाल सीमा पर अपराध और तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में ड्रग तस्करी और एटीएम ठगी के नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई कार्रवाई में पुलिस ने भारी मात्रा में नशीली दवाएं बरामद करते हुए पांच अंतरजनपदीय तस्करों को गिरफ्तार किया, जबकि एटीएम बदलकर लोगों के खाते से रकम उड़ाने वाले दो शातिर ठगों को भी दबोच लिया। पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से तस्करों और अपराधियों में हड़कंप मच गया है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में भारत-नेपाल सीमा पर सक्रिय ड्रग तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना पुरन्दरपुर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रानीपुर चौराहे से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान मुकेश पाण्डेय निवासी सिद्धार्थनगर और योगेश तिवारी निवासी गोरखपुर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके पास से 123 पीस कोडीन युक्त सिरप, 960 नशीले कैप्सूल, दो मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया।

तीन अंतरजनपदीय तस्करों को किया गिरफ्तार

वहीं दूसरी बड़ी कार्रवाई में थाना श्यामदेउरवां पुलिस ने ग्राम श्यामदेरवां स्टेडियम के पास से तीन अंतरजनपदीय तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से 6240 ट्रामालैब कैप्सूल, 43800 एलजोमैक टेबलेट और 3750 अल्ट्रापार नियो टेबलेट बरामद की। गिरफ्तार आरोपी गोरखपुर जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी किराये की गाड़ियों के जरिए विभिन्न जिलों में नशीली दवाओं की सप्लाई करते थे। बरामद दवाओं की कीमत लाखों से लेकर अंतरराष्ट्रीय बाजार में करोड़ों रुपये तक बताई जा रही है।

Maharajganj News: चलते बाइक सवार को एसएसआई ने मारा थप्पड़, वीडियो वायरल, एसपी ने लिया संज्ञान

चोरी का एटीएम कार्ड भी बरामद

इसी दौरान थाना श्यामदेउरवां पुलिस ने एटीएम बदलकर लोगों को ठगी का शिकार बनाने वाले दो शातिर अपराधियों को भी गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपी प्रदीप कुमार पासवान और संदीप पासवान गोरखपुर जिले के निवासी हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी भोले-भाले लोगों को एटीएम से पैसा निकालने में मदद के बहाने उनका कार्ड बदल लेते थे और बाद में खाते से रकम निकाल लेते थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी का एटीएम कार्ड भी बरामद किया है।

Location :  Maharajganj

Published :  7 May 2026, 3:52 PM IST