स्वास्थ्य विभाग में DM का बड़ा एक्शन, आयुष्मान कार्ड में लापरवाही पर कई अधिकारियों को नोटिस

जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक में डीएम गौरव सिंह सोगरवाल ने स्वास्थ्य योजनाओं की खराब प्रगति पर कड़ा रुख अपनाया। एनसीडी स्क्रीनिंग, संचारी रोग नियंत्रण और आयुष्मान कार्ड निर्माण में लापरवाही मिलने पर सीएचसी अधीक्षकों, बीसीपीएम और बीपीएम को स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए गए।

Maharajganj: जनपद में स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली को लेकर जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक में विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति का आकलन करते हुए उन्होंने खराब प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर नाराजगी जताई। समीक्षा के दौरान कई योजनाओं में अपेक्षित प्रगति न मिलने पर संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी करने और स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए गए।

NCD स्क्रीनिंग में लापरवाही पर सीएचसी अधीक्षकों से मांगा जवाब

बैठक में गैर संचारी रोग (NCD) कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान कई स्वास्थ्य केंद्रों पर स्क्रीनिंग की स्थिति बेहद खराब पाई गई। कुछ क्षेत्रों में स्क्रीनिंग का आंकड़ा शून्य मिलने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के अधीक्षकों को स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश देते हुए कहा कि सरकार की प्राथमिकता वाली स्वास्थ्य योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

Maharajganj: मोहर्रम पर 12 घंटे बदला रहेगा ट्रैफिक प्लान, नगर में भारी वाहनों की नो-एंट्री

संचारी रोग नियंत्रण अभियान की धीमी प्रगति पर फटकार

बरसात के मौसम को देखते हुए संचारी रोग नियंत्रण अभियान की समीक्षा भी बैठक में की गई। अभियान की प्रगति संतोषजनक न मिलने पर डीएम ने अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए अभियान को गंभीरता से संचालित करना आवश्यक है। किसी भी स्तर पर ढिलाई जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ माना जाएगा।

आयुष्मान कार्ड निर्माण में पिछड़े विकास खंडों पर कार्रवाई के निर्देश

आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत कार्ड निर्माण की समीक्षा में भी कई कमियां सामने आईं। जनपद के तीन विकास खंडों में कार्ड निर्माण की प्रगति सबसे कम पाए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित बीसीपीएम (BCPM) और बीपीएम (BPM) को कड़ी चेतावनी दी। साथ ही उनसे स्पष्टीकरण मांगे जाने के निर्देश भी दिए गए।

लक्ष्य पूरे न होने पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी

जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने सभी स्वास्थ्य अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाई जाए और निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में लापरवाही पाए जाने पर केवल स्पष्टीकरण ही नहीं, बल्कि विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी।

Maharajganj: पकड़ी रेंज में वन विभाग का ऑपरेशन मॉनिटर लिजार्ड, तीन वन्यजीव तस्कर गिरफ्तार

स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने पर जोर

बैठक के दौरान डीएम ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं का सीधा संबंध आम जनता से है। ऐसे में प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभानी होगी। उन्होंने सभी कार्यक्रमों की नियमित मॉनिटरिंग करने और जमीनी स्तर पर बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Location :  Maharajganj

Published :  25 June 2026, 9:32 PM IST

Advertisement