Lucknow Flood: गोमती का जलस्तर बढ़ते ही डूबा शहर, 40 हजार घरों में पानी; 10 हजार लोगों ने छोड़ा इलाका

लखनऊ में गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने से निचले इलाकों में बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है। 40 हजार से ज्यादा घर प्रभावित हैं और करीब 10 हजार लोग सुरक्षित स्थानों पर चले गए हैं। फैजुल्लागंज में नावों से राहत कार्य चल रहा है। सोमवार से जलस्तर घटने की उम्मीद है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 4 October 2026, 9:08 AM IST
google-preferred

Lucknow: राजधानी लखनऊ में गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने से निचले इलाकों में बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है। फैजुल्लागंज समेत कई क्षेत्रों में पानी रिहायशी इलाकों तक पहुंच गया है। हालात ऐसे हैं कि 40 हजार से अधिक घर प्रभावित बताए जा रहे हैं, जबकि करीब 10 हजार लोग सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन कर चुके हैं। कई कॉलोनियों की गलियों में आवाजाही के लिए नावों का सहारा लेना पड़ रहा है।

5 फीट तक पहुंचा पानी, घरों में मचा संकट

गोमती नदी का पानी बढ़ने से फैजुल्लागंज के कई इलाकों में घरों के अंदर तक पानी पहुंच गया है। कुछ स्थानों पर पानी करीब 5 फीट तक भरने की बात सामने आई है। इससे लोगों की रसोई और बेडरूम तक जलमग्न हो गए हैं।

बाढ़ का सबसे ज्यादा असर फैजुल्लागंज की मामा कॉलोनी, नई बस्ती, दाऊद नगर, पुराना दाऊद नगर पतंग मैदान, कच्ची ठान और लोहरा माऊ समेत आसपास के क्षेत्रों में बताया जा रहा है।

10 हजार लोगों ने छोड़ा घर

लगातार बढ़ते पानी के कारण हजारों परिवार अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाने को मजबूर हैं। करीब 10 हजार लोगों के पलायन की बात सामने आई है। प्रभावित इलाकों में प्रशासन ने राहत और बचाव के लिए करीब 40 नावें उतारी हैं।

कई परिवार सड़क किनारे और फुटपाथ पर रात गुजारने को मजबूर हैं। दूसरी ओर, खाली पड़े घरों में चोरी की घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। आरोप है कि कुछ चोर नावों के जरिए बंद घरों तक पहुंचकर ताले तोड़ रहे हैं।

बारिश कम फिर भी क्यों बढ़ रहा गोमती का पानी?

लखनऊ में स्थानीय बारिश कम होने के बावजूद गोमती नदी का जलस्तर बढ़ना लोगों के लिए चिंता का कारण बना हुआ है। बताया जा रहा है कि पीलीभीत, लखीमपुर खीरी और सीतापुर की तरफ से बड़ी मात्रा में पानी गोमती में पहुंच रहा है।

इसके अलावा बेहटा और श्रावण समेत कई बड़े नालों का पानी नदी में जाने के बजाय नदी का जलस्तर बढ़ने से वापस रिहायशी इलाकों की ओर आ रहा है। यही स्थिति निचले क्षेत्रों में जलभराव को और गंभीर बना रही है।

फ्लाईदुबई फ्लाइट में अचानक हुआ हमला, धुंधली आंखों के बावजूद पायलट ने कॉकपिट का दरवाजा खोल 174 यात्रियों की ऐसे बचाई जान

गोमती रिवर फ्रंट भी बंद

बाढ़ के बढ़ते खतरे को देखते हुए पर्यटन स्थल गोमती रिवर फ्रंट को भी अगले आदेश तक पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया है। प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों पर नजर बनाए हुए है।

जलभराव के बीच लोगों को सांप और बिच्छुओं के घरों में घुसने का डर भी सता रहा है। ऐसे में राहत शिविरों और सुरक्षित स्थानों पर पहुंचे लोगों के सामने रोजमर्रा की जरूरतों का संकट भी बना हुआ है।

सोमवार से राहत की उम्मीद

सिंचाई विभाग के अधिकारियों के अनुसार, ऊपरी क्षेत्रों से गोमती नदी में पानी का डिस्चार्ज कम होने के बाद सोमवार से जलस्तर धीरे-धीरे घटने की उम्मीद है। यदि जलस्तर कम होता है तो प्रभावित इलाकों में जलभराव से लोगों को राहत मिल सकती है। फिलहाल शहर के निचले इलाकों में स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Location :  Lucknow

Published :  4 October 2026, 9:08 AM IST

Related News

Advertisement