लखनऊ में तेज रफ्तार डंपर का कहर, 2 किलोमीटर तक घिसटते रहे बाइक सवार, यहां पढ़ें पूरी खबर

लखनऊ के सरोजनीनगर क्षेत्र में तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार दो रिश्तेदारों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Komal Chauhan
Updated : 18 June 2026, 8:07 PM IST
google-preferred

Lucknow: राजधानी लखनऊ के सरोजनीनगर इलाके में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गेहरू अंडरपास के पास तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

भंडारे से लौट रहे थे दोनों रिश्तेदार

जानकारी के अनुसार मोहनलालगंज के हरिकंशगढ़ी निवासी रामसेवक यादव अपने साढ़ू रामू यादव के घर सीतापुर गए थे। दोनों मंगलवार को आयोजित बड़े मंगल के भंडारे में शामिल हुए थे। गुरुवार को वे बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे। दोपहर करीब डेढ़ बजे जब वे किसान पथ होते हुए सरोजनीनगर के दरोगाखेड़ा स्थित कानपुर रोड पर पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

मौके पर ही चली गई दोनों की जान

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक डंपर में फंस गई। बाइक चला रहे रामू यादव और पीछे बैठे रामसेवक यादव सड़क पर गिर पड़े। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया कि रामू यादव ने हेलमेट पहन रखा था, लेकिन हादसा इतना भीषण था कि उनकी जान नहीं बच सकी।

दो किलोमीटर तक घिसटती रही बाइक

हादसे के बाद चालक ने डंपर रोकने के बजाय उसे आगे बढ़ा दिया। बाइक डंपर में फंसकर करीब दो किलोमीटर तक सड़क पर घिसटती रही। राहगीरों ने यह दृश्य देखकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने डंपर का पीछा किया और बिजनौर क्षेत्र के नटकुर अंडरपास के पास वाहन को रोक लिया। चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

परिवारों में मचा कोहराम

हादसे की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में मातम छा गया। रामू यादव पेशे से ट्रक चालक थे, जबकि रामसेवक यादव मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Location :  Lucknow

Published :  18 June 2026, 8:07 PM IST

Advertisement