हिंदी
लखनऊ रमीजुद्दीन मामला (IMG: Dynamite News)
Lucknow: लखनऊ में केजीएमयू के पूर्व एमडी पैथोलॉजी छात्र डॉ. रमीजुद्दीन से जुड़े मामले में पुलिस पूछताछ और पीड़िता के बयान से कई गंभीर आरोप सामने आए हैं। आरोप है कि युवतियों को अपने प्रेम जाल में फंसाने के लिए आरोपी मुर्गे के खून से प्रेम पत्र लिखता था और उन्हें बताता था कि ये पत्र उसके अपने खून से लिखे गए हैं। इतना ही नहीं, पीड़िता ने उसके खिलाफ लंबे समय तक यौन शोषण, मारपीट, जबरन धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने और निजी वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता के मुताबिक, शादी का भरोसा देकर सालों तक उसका शोषण किया गया।
पीड़िता ने अपने बयान में बताया कि उसकी मुलाकात डॉ. रमीजुद्दीन से मेडिकल की पढ़ाई के दौरान हुई थी। दोनों के बीच बातचीत की शुरुआत वर्ष 2011 में हुई। पीड़िता के मुताबिक, दिवाली के दिन पहली बार रमीज ने उसे फोन करके त्योहार की शुभकामनाएं दी थीं। इसके बाद धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ने लगी और आरोपी ने उससे नजदीकियां बढ़ानी शुरू कर दीं।
क्या अब लखनऊ में नहीं मिलेंगे नए ई-रिक्शा के रजिस्ट्रेशन? हाईकोर्ट के सख्त रुख से चालक हलकान
पीड़िता के बयान के मुताबिक, दिसंबर 2012 में आरोपी ने उसे आगरा के साबुन कटरा स्थित अपने फ्लैट पर डांस प्रैक्टिस के बहाने बुलाया था। आरोप है कि वहां पहुंचने के बाद उसे नशीला पेय पदार्थ दिया गया। इसके बाद आरोपी ने उसके साथ जबरदस्ती की। पीड़िता का कहना है कि इस घटना के बाद उसने आरोपी से नाराजगी जताई तो उसने मैसेज के जरिए माफी मांगी और भविष्य में शादी करने का भरोसा दिया। पीड़िता के मुताबिक, आरोपी ने इसी भरोसे के आधार पर उसे अपने साथ रिश्ते में बनाए रखा।
मामले में सबसे गंभीर आरोप निजी तस्वीरों और वीडियो को लेकर सामने आए हैं। पीड़िता का दावा है कि आरोपी ने अलग-अलग मौकों पर उसकी निजी तस्वीरें और वीडियो बनाए। इनका इस्तेमाल बाद में उसे डराने और दबाव में रखने के लिए किया गया। पीड़िता ने वर्ष 2014 में दिल्ली के एम्स कॉलेज फेस्टिवल के दौरान भी नशीला पदार्थ देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि वर्ष 2012 से 2025 तक आरोपी शादी का भरोसा देकर उसका शोषण करता रहा।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी उसकी शादी कहीं और तय होने की स्थिति में भी उसे परेशान करने से पीछे नहीं हटता था। उसके मुताबिक, जब भी किसी दूसरे युवक के साथ उसकी शादी की बातचीत आगे बढ़ती, आरोपी उसकी निजी तस्वीरें और वीडियो संभावित मंगेतरों तक पहुंचा देता था। इसकी वजह से उसके कई शादी के रिश्ते टूट गए। पीड़िता का दावा है कि वर्ष 2012 से 2025 के बीच इस तरह की घटनाओं के चलते उसके पांच से सात रिश्ते खत्म हो गए। आरोप है कि आरोपी जानबूझकर उसकी निजी जिंदगी को प्रभावित करने और उसे दूसरे व्यक्ति के साथ रिश्ता बनाने से रोकने के लिए ऐसा करता था।
पीड़िता के बयान के मुताबिक, वर्ष 2023 में रमीज के कहने पर वह लखनऊ आ गई थी। यहां अक्टूबर में आरोपी के माता-पिता की सलाह पर दोनों एक फ्लैट में साथ रहने लगे। पीड़िता का आरोप है कि शुरुआत में शादी का भरोसा दिया गया, लेकिन बाद में उसके साथ व्यवहार बदलने लगा। उसने आरोप लगाया कि फ्लैट में उसके साथ जबरदस्ती और मारपीट की जाती थी। उससे घर के सभी काम कराए जाते थे। खाना बनाने और सफाई करने के अलावा उसे टॉयलेट तक साफ करना पड़ता था। विरोध करने पर आरोपी कथित तौर पर गाली-गलौज करता और मारपीट करता था।
मामले में धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने के आरोप भी सामने आए हैं। पीड़िता के अनुसार, वर्ष 2024 में होली से पहले आरोपी के माता-पिता ने उससे धर्म बदलने की बात कही थी। इसके बाद जनवरी 2025 में भी निकाह करने और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया गया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी और उसके परिवार के लोग उसकी निजी तस्वीरों और वीडियो का हवाला देकर उसे बदनामी का डर दिखाते थे। इसी दबाव के बीच फरवरी में एक कमरे में काजी को बुलाया गया। पीड़िता का दावा है कि वहां उससे तीन बार 'कबूल है' कहलवाया गया।
Location : Lucknow
Published : 3 November 2026, 1:20 PM IST