हिंदी
प्रेमी-प्रेमिका ने किया बड़ा कांड
Prayagraj News: नैनी स्थित नए यमुना पुल से एक प्रेमी युगल ने एक साथ नदी में छलांग लगा दी। प्रत्यक्षदर्शियों की आंखों के सामने हुई इस घटना ने पुल पर मौजूद लोगों को स्तब्ध कर दिया। यह मामला शनिवार का है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक तेज बहाव के कारण दोनों कुछ ही पलों में यमुना की गहराइयों में समा गए। घटना की सूचना मिलते ही जल पुलिस और गोताखोरों की टीम मोटर बोट के साथ मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
बैग में मिले दस्तावेजों से मिली पहली पहचान
जहां से युवक और युवती ने छलांग लगाई। उसी स्थान के पास पुलिस को एक बैग बहता हुआ मिला। बैग में एक दसवीं कक्षा का प्रमाण पत्र, एक डायरी और कुछ अन्य दस्तावेज मिले हैं। प्रमाण पत्र पर लड़की का नाम ज्योति गुप्ता दर्ज है। उसका पता प्रयागराज के मेजा तहसील स्थित सिरसा गांव का है। दस्तावेजों से यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि नदी में कूदने वाली युवती यही हो सकती है। हालांकि, पुलिस इस बात की पुष्टि परिजनों से संपर्क कर ही करेगी। बैग को कीडगंज थाने को सुपुर्द कर दिया है। पुलिस टीम अब सिरसा गांव पहुंच कर परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है।
"बैठे थे रेलिंग पर, फिर अचानक कूद गए"
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शनिवार तड़के युवक और युवती नैनी पुल पर पहुंचे। पहले वहां रेलिंग पर बैठ गए। राह चलते लोगों ने उन्हें देखा और खतरे को भांपते हुए हटने को कहा। कुछ को यह आशंका हुई कि वे आत्मघाती कदम उठा सकते हैं, इसलिए वे उन्हें रोकने के लिए दौड़े, लेकिन इससे पहले कि कोई उन तक पहुंच पाता, दोनों ने एक साथ छलांग लगा दी। यह दृश्य इतना अचानक और हृदयविदारक था कि कई लोग स्तब्ध रह गए।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, लेकिन नहीं मिला कोई सुराग
जल पुलिस के इंस्पेक्टर रविंद्र नाथ खुद मौके पर पहुंचे और पूरे अभियान की निगरानी की। गोताखोरों की टीम ने यमुना नदी की गहराइयों में तलाशी ली, लेकिन शनिवार देर शाम तक दोनों के शव बरामद नहीं हो सके। पुलिस ने बताया कि यमुना का जलस्तर इस समय ऊंचा है और बहाव तेज है। जिससे तलाशी अभियान में काफी मुश्किलें आ रही हैं। फिर भी गोताखोर लगातार प्रयासरत हैं।
क्या है पीछे की वजह? आत्महत्या या कोई और कहानी?
पुलिस प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या का मामला मान रही है, लेकिन अभी तक कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। डायरी की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवक कौन था और उसका लड़की से क्या रिश्ता था। क्या वे प्रेमी थे या कोई अन्य पारिवारिक या सामाजिक संबंध था?
Location : Prayagraj
Published : 12 July 2025, 2:12 PM IST
Topics : boyfriend girlfriend lover Prayagraj prayagraj news suicide