Maharajganj News: जंगल में फैली बदबू ने खोला राज, अंदर का मंजर देख दहल गए वनकर्मी

महाराजगंज के सोहगीबरवा वन्य जीव प्रभाग के अचलगढ़ जंगल में एक तेंदुआ मृत अवस्था में मिलने से सनसनी फैल गई। बीते कुछ दिनों में यह तीसरा मामला है, जिससे वन विभाग की कार्यप्रणाली और वन्य जीवों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। तेंदुए के शव पर चोट के निशान मिले हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 24 May 2026, 3:09 PM IST

Maharajganj: उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले में स्थित सोहगीबरवा वन्य जीव प्रभाग एक बार फिर तेंदुए की मौत को लेकर सुर्खियों में है। लक्ष्मीपुर रेंज के अचलगढ़ जंगल में रविवार को एक तेंदुआ मृत अवस्था में मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। बीते कुछ दिनों के भीतर यह तीसरा मामला सामने आया है, जिसने वन विभाग की कार्यप्रणाली और वन्य जीवों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जंगल में गश्त के दौरान मिला शव

जानकारी के मुताबिक अचलगढ़ जंगल में नियमित गश्त कर रहे वनकर्मियों को जंगल के भीतर तेंदुए का शव पड़ा मिला। शव काफी खराब हालत में था और उससे तेज दुर्गंध आ रही थी। जैसे ही वनकर्मियों ने शव देखा, तत्काल इसकी सूचना उच्च अधिकारियों को दी गई। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने जब शव का निरीक्षण किया तो तेंदुए की पीठ पर गंभीर चोट के निशान पाए गए। शव की स्थिति देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि तेंदुए की मौत करीब दो से तीन दिन पहले हो चुकी थी।

महाराजगंज में सोशल मीडिया पर स्टंटबाजी पड़ी भारी, पुलिस ने काटा 50 हजार का चालान

तीसरी मौत से बढ़ी चिंता

सोहगीबरवा वन्य जीव प्रभाग में लगातार तेंदुओं की मौत ने वन विभाग की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। इससे पहले निचलौल रेंज में 14 और 15 मई को भी दो तेंदुओं की मौत हो चुकी है। लगातार सामने आ रहे मामलों ने इलाके में सनसनी फैला दी है। वन्य जीव प्रेमी और स्थानीय लोग अब सवाल उठा रहे हैं कि आखिर जंगल में तेंदुओं की लगातार मौत क्यों हो रही है। वहीं वन विभाग पर भी वन्य जीवों की सुरक्षा को लेकर लापरवाही के आरोप लगने लगे हैं।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी नजर

घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग ने तेंदुए के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की तैयारी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। डीएफओ निरंजन सुर्वे ने पूरे मामले की जानकारी मुख्य वन संरक्षक को भेज दी है। फिलहाल विभागीय टीम जंगल के आसपास के इलाकों में भी जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि तेंदुए को चोट कैसे लगी।

महाराजगंज में खौफनाक वारदात: शराब के विरोध में खून-खराबा, 3 घायल; जानें क्या है पूरा मामला

इलाके में फैली सनसनी

तेंदुए का शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में चर्चा शुरू हो गई। ग्रामीणों में भी दहशत का माहौल है। लोग लगातार जंगल के आसपास सतर्कता बरत रहे हैं। वहीं वन विभाग की टीमें भी इलाके में गश्त बढ़ाने में जुट गई हैं।

Location :  Maharajganj

Published :  24 May 2026, 3:09 PM IST