हिंदी
तेंदुए का हमला
महराजगंज: जनपद के निचलौल तहसील क्षेत्र में गुरुवार को तेंदुए के रेस्क्यू के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब वाइल्डलाइफ ट्रस्ट ऑफ इंडिया (WTI) के एक वरिष्ठ अधिकारी पर तेंदुए ने हमला कर दिया। इस हमले में WTI के प्रोजेक्ट हेड अरशद हुसैन घायल हो गए। गनीमत रही कि हमला जानलेवा नहीं था और उन्हें गंभीर चोटें नहीं आईं।
क्या है पूरी खबर?
जानकारी के मुताबिक, घटना निचलौल थाना क्षेत्र के सिसई गांव की बताई जा रही है, जहां पिछले कई दिनों से तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल था। गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे गन्ने के खेत में तेंदुए के फंसे होने की सूचना वन विभाग को मिली। सूचना मिलते ही वन विभाग और वाइल्डलाइफ ट्रस्ट ऑफ इंडिया की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची।
Kushinagar: सीएम डैशबोर्ड पर विकास योजनाओं की समीक्षा, खराब प्रदर्शन पर जिलाधिकारी सख्त
पिंजड़े में डालने की तैयारी
रेस्क्यू टीम ने तेंदुए को जाल में फंसा लिया था और उसे पिंजड़े में डालने की तैयारी की जा रही थी। इसी दौरान अचानक तेंदुए ने आक्रामक रुख अपनाते हुए पीछे से अरशद हुसैन पर हमला कर दिया। तेंदुए ने उनके पैर पर झपट्टा मारा, जिससे उनके पैर में घाव हो गया। हमले के बाद तेंदुआ जाल से निकलकर दोबारा खेत की ओर भाग गया।
रेस्क्यू टीम में हड़कंप
घटना के बाद रेस्क्यू टीम में हड़कंप मच गया। घायल अधिकारी को तत्काल निचलौल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने उनका प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सकों के अनुसार अरशद हुसैन की हालत स्थिर है और खतरे से बाहर हैं।
महराजगंज में पुलिस को कुचलने की कोशिश, अवैध शराब से भरी पिकअप पलटी, कांस्टेबल घायल, चालक फरार
बताया जा रहा है कि रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान करीब 8 से 10 लोगों की टीम मौजूद थी। घटना के बाद वन विभाग ने इलाके में सतर्कता बढ़ा दी है और तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के लिए दोबारा अभियान तेज कर दिया गया है। वहीं, सिसई गांव और आसपास के इलाकों में ग्रामीणों से सावधानी बरतने और खेतों में अकेले न जाने की अपील की गई है।
वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि तेंदुए को सुरक्षित पकड़कर जंगल में छोड़े जाने की योजना बनाई जा रही है, ताकि किसी और अनहोनी से बचा जा सके।
Location : Maharajganj
Published : 16 January 2026, 8:06 PM IST
Topics : attacks injured Leopard Maharajganj nichlaul