हिंदी
निचलौल ब्लॉक में ‘होली त्योहारी’ के नाम पर लाखों की वसूली
महराजगंज: निचलौल विकास खंड में होली पर्व के नाम पर ग्राम प्रधानों और सचिवों से कथित रूप से लाखों रुपये की वसूली का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर खबर वायरल होने के बाद ब्लॉक कार्यालय में हलचल तेज हो गई है और जांच की मांग उठने लगी है।
विकास खंड निचलौल में होली पर्व के अवसर पर “शुभकामना संदेश” के नाम पर धन वसूली किए जाने का गंभीर आरोप सामने आया है। आरोप है कि ग्राम प्रधानों और सचिवों से कथित रूप से एक क्लस्टर से लगभग 25 हजार रुपये लिए गए। यदि ब्लॉक में कुल 20 क्लस्टर हैं, तो यह रकम करीब 5 लाख रुपये तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि अभी तक इस पूरे मामले में किसी भी अधिकारी द्वारा आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
सूत्रों के अनुसार, कुछ ग्राम प्रधानों और सचिवों ने अनौपचारिक रूप से बताया कि उनसे यह कहकर धनराशि ली गई कि यह राशि स्थानीय स्तर पर शुभकामना संदेश के लिए दी जाएगी। हर वर्ष त्योहारी की परंपरा रही है, लेकिन इस बार जिस तरह व्यवस्थित रूप से राशि एकत्र किए जाने की चर्चा है, उसने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
क्षेत्र में यह भी चर्चा है कि ब्लॉक के एक जिम्मेदार पदाधिकारी और एक सचिव स्तर से जुड़े लोगों के माध्यम से यह धनराशि एकत्र और वितरित की गई। हालांकि इस संबंध में कोई ठोस दस्तावेज या आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
मामले ने उस समय तूल पकड़ लिया जब यह खबर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। वायरल होने के बाद ब्लॉक कार्यालय में हलचल तेज हो गई है। सूत्रों का दावा है कि खबर को आगे प्रसारित न करने के लिए कुछ लोग पैरवी करते भी नजर आए। इससे पूरे घटनाक्रम को लेकर संदेह और गहरा गया है।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि यदि वाकई क्लस्टरवार वसूली हुई है तो यह गंभीर वित्तीय अनियमितता का मामला हो सकता है। ऐसे में पारदर्शी जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जानी चाहिए।
इस पूरे मामले में जनपद के सीडीओ महेंद्र कुमार सिंह ने डाइनामाइट न्यूज से बातचीत के दौरान बताया कि मामला संज्ञान में हैं जांच करवाते कर कड़ी कार्रवाई करवाते है।
Location : Maharajganj
Published : 2 March 2026, 9:28 PM IST
Topics : collected Maharajganj Nichlaul Block rupees