
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी महिला
लखीमपुर खीरी: सोशल मीडिया पर रील्स और वीडियो बनाने का शौक कई लोगों के लिए मुसीबत का सबब बन रहा है। इस बीच, ताजा मामला उत्तर प्रदेश के खीरी जिले के थाना हैदराबाद क्षेत्र के ग्राम अहमदनगर का है, जहां एक महिला की अभद्र रील्स ने उसे थाने तक पहुंचा दिया। दरअसल, यह महिला सरकारी राशन की दुकान चलाती है, ये इंस्टाग्राम और फेसबुक पर आपत्तिजनक वीडियो बनाकर वायरल करने में मशगूल थी। लेकिन इस बार उसकी यह हरकत कानून के शिकंजे में फंस गई।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, अहमदनगर की यह महिला लंबे समय से सोशल मीडिया पर रील्स बनाकर वायरल कर रही थी। उसने हाल ही में एक वीडियो बनाया, जिसमें राशन की दुकान पर बैठकर राशन तौलते समय राशन कार्डधारकों के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। यह वीडियो फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में महिला की गाली-गलौज और अभद्र टिप्पणियों ने स्थानीय लोगों में आक्रोश पैदा कर दिया। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत हैदराबाद थाना पुलिस से की, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले को गंभीरता से लिया।
पुलिस ने महिला को किया गिरफ्तार
थाना प्रभारी प्रवीर गौतम ने तुरंत जांच शुरू की और आरोपी महिला को गिरफ्तार कर थाने लाया गया। पुलिस ने महिला के खिलाफ शांति भंग करने की धाराओं के तहत चालान कर कानूनी कार्रवाई शुरू की। कार्रवाई के बाद महिला ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो डालकर माफी मांगी और भविष्य में ऐसी हरकत न दोहराने का वादा किया। हालांकि, इस मामले में शामिल एक अन्य सहयोगी युवक अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर है, जिसके कारण स्थानीय लोगों में नाराजगी बनी हुई है।
पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना
गौरतलब है कि यह कोई पहला मामला नहीं है जब सोशल मीडिया पर अभद्र रील्स बनाने के चक्कर में कोई कानूनी कार्रवाई का शिकार हुआ हो। इससे पहले खीरी के थाना गोला क्षेत्र में विकास चौराहे पर रेडीमेड कपड़े की दुकान चलाने वाले अरविंद कुमार को भी अश्लील रील्स बनाने के आरोप में जेल भेजा गया था। उस मामले में भी एक अन्य युवक की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी, जिसके चलते स्थानीय लोगों में रोष बना हुआ है। लोग मांग कर रहे हैं कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाए ताकि सोशल मीडिया पर अभद्र और अश्लील सामग्री पर अंकुश लगाया जा सके।
सोशल मीडिया का बढ़ रहा दुरुपयोग
सोशल मीडिया आज के समय में लोगों के लिए अपनी बात रखने का एक बड़ा मंच है, लेकिन इसका दुरुपयोग भी उतनी ही तेजी से बढ़ रहा है। लाइक और कमेंट्स की चाह में लोग नैतिकता और सामाजिक मर्यादाओं को भूल जाते हैं। इस तरह की घटनाएं समाज में नकारात्मक संदेश फैलाती हैं और कानून-व्यवस्था के लिए भी चुनौती बनती हैं। पुलिस प्रशासन ने चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Location : Lakhimpur Kheri
Published : 21 May 2025, 2:18 PM IST