मजदूरी करने निकला था युवक, रास्ते में घेरकर पीटा; फिर पेशाब पिलाने का आरोप, थाने से लेकर अफसरों तक पहुंचा मामला

बदायूं के सहसवान थाना क्षेत्र में एक मजदूर ने गांव के युवक पर मारपीट, खुरपी से हमला करने और मुंह में पेशाब करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि मेडिकल के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद उसने अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 22 September 2026, 3:01 PM IST
google-preferred

Budaun: बदायूं के सहसवान थाना क्षेत्र में एक मजदूर ने गांव के ही युवक पर रास्ते में घेरकर मारपीट करने, खुरपी से हमला करने और मारपीट के दौरान मुंह में पेशाब करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि पुरानी कहासुनी को लेकर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की। घटना में उसके चेहरे और शरीर पर चोटें आई हैं। पीड़ित के मुताबिक घटना की सूचना पुलिस को देने के बाद उसका मेडिकल परीक्षण भी कराया गया, लेकिन अब तक आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई है।

रास्ते में घेरने का आरोप

पीड़ित के मुताबिक वह मजदूरी करने के लिए खेत की ओर जा रहा था। इसी दौरान गांव के ही प्रदीप कुमार पुत्र अमर सिंह ने कथित तौर पर उसे रास्ते में घेर लिया। आरोप है कि पुरानी कहासुनी को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और इसके बाद प्रदीप कुमार ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी ने खुरपी से वार कर उसे जमीन पर गिरा दिया। मारपीट में उसके चेहरे और शरीर पर चोटें आईं।

बदायूं में समझौता बैठक के दौरान जानलेवा हमला! पिस्टल की बट से पति का सिर फोड़ा, 8 लोगों पर मुकदमा

छाती पर बैठकर पेशाब पिलाने का आरोप

पीड़ित ने आरोप लगाया कि मारपीट के बाद आरोपी उसकी छाती पर बैठ गया और उसके मुंह में पेशाब कर दी। यह आरोप सामने आने के बाद मामला गंभीर हो गया है। पीड़ित का कहना है कि घटना के दौरान उसने बचाव के लिए शोर मचाया। आरोप है कि चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों को आता देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।

पुलिस को सूचना देने के बाद कराया गया मेडिकल

पीड़ित का कहना है कि घटना के बाद उसने थाना सहसवान पुलिस को मामले की सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने उसे चोटिल अवस्था में सरकारी अस्पताल भेजा, जहां उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया। हालांकि, पीड़ित का आरोप है कि मेडिकल होने के बावजूद आरोपी के खिलाफ अभी तक प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। इसी को लेकर उसने अधिकारियों के समक्ष शिकायत दर्ज कराई है।

बदायूं में दहेज के लिए नवविवाहिता की हत्या, ससुराल वालों पर गला घोंटकर मारने का आरोप, मायके वालों ने किया हंगामा

अधिकारियों से जांच और कार्रवाई की मांग

पीड़ित ने अधिकारियों को दिए प्रार्थना पत्र में पूरे मामले की जांच कराने और लगाए गए आरोपों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। उसका कहना है कि घटना के बाद से वह न्याय के लिए अधिकारियों के चक्कर लगा रहा है।

Location :  Budaun

Published :  22 September 2026, 3:01 PM IST

Related News

Advertisement