हिंदी
जनपद कानपुर देहात के मंगलपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को मामूली विवाद को लेकर हिंसक वारदात की खबर सामने आयी है। दबंगों ने एक युवक पर धारदार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
दबंगों के हमले में घायल शिव कुमार
Kanpur Dehat: जनपद कानपुर देहात के मंगलपुर थाना क्षेत्र में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां दबंगों ने एक युवक पर धारदार हथियार और लोहे की रॉड से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवक को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झींझक और बाद में हालत गंभीर होने पर कानपुर हैलट अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
मंगलपुर थाना क्षेत्र के नसीरपुर गांव निवासी शिव सिंह ने पुलिस को दी गई लिखित तहरीर में आरोप लगाया कि गांव के ही चंद्रभान यादव उसके घर के पास शौच क्रिया कर रहे थे। इस पर शिव सिंह ने उन्हें मना किया, जिससे नाराज होकर चंद्रभान के साथ ब्रजभान, दीनू यादव और जीतू वहां आ पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे।
शिव सिंह के विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों के साथ लोहे की रॉड और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।
पीड़ित ने बताया कि आरोपियों की मारपीट से बचने के लिए वह अपने घर के अंदर चला गया, लेकिन दबंगों ने बेखौफ होकर घर में घुसकर भी उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। हमले में उसके सिर में गंभीर चोट लग गई और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। घटना के बाद परिजन उसे घायल अवस्था में मंगलपुर थाने लेकर पहुंचे, जहां से पुलिस और परिजनों ने उसे प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झींझक में भर्ती कराया।
झींझक सीएचसी में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में भी स्थिति में सुधार न होने पर डॉक्टरों ने उसे कानपुर के हैलट अस्पताल भेज दिया, जहां उसका इलाज जारी है।
मंगलपुर थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। तहरीर के आधार पर तथ्यों की पड़ताल की जा रही है और जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।