हिंदी
सड़क पर झाड़ियों का कब्जा, रास्ता हुआ संकरा (Source: Dynamite News)
Kanpur Dehat: सिकंदरा तहसील क्षेत्र के डिलवल गांव से झींझक समेत कई गांवों को जोड़ने वाले प्रमुख मार्ग पर इन दिनों सड़क किनारे उगी घनी झाड़ियां ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई हैं। सड़क के दोनों ओर झाड़ियों का फैलाव इतना बढ़ गया है कि मार्ग कई जगह संकरा हो गया है। इससे पैदल राहगीरों के साथ दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
डिलवल से झींझक समेत आसपास के गांवों को जोड़ने वाले इस मार्ग से रोजाना बड़ी संख्या में ग्रामीण, किसान और छात्र-छात्राएं आवागमन करते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क के किनारे काफी समय से झाड़ियां बढ़ती जा रही हैं। कई जगह इनका फैलाव सड़क तक पहुंच गया है।
इस कारण वाहनों को निकलने के लिए सड़क के बीच की ओर जाना पड़ता है। वहीं सामने से आने वाले वाहन झाड़ियों के पीछे छिप जाने के कारण समय रहते दिखाई नहीं देते। ग्रामीणों को आशंका है कि ऐसी स्थिति में कभी भी सड़क हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों के मुताबिक क्षेत्र में पहले से ही जंगली जानवरों की आवाजाही को लेकर लोगों में चिंता बनी रहती है। ऐसे में सड़क किनारे घनी झाड़ियों के कारण खतरा और बढ़ गया है। लोगों का कहना है कि झाड़ियों के बीच कोई जानवर छिपा होने की स्थिति में राहगीरों के लिए परेशानी खड़ी हो सकती है।
खासकर सुबह और शाम के समय इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को अधिक सावधानी बरतनी पड़ती है। ग्रामीणों ने सड़क के दोनों ओर उगी झाड़ियों की तत्काल सफाई कराने की मांग की है।
स्थानीय लोगों के अनुसार मार्ग से स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राओं के अलावा किसान और अन्य ग्रामीण भी नियमित रूप से गुजरते हैं। झाड़ियों के कारण कई जगह पैदल चलने वालों को सड़क पर ही चलना पड़ता है।
वहीं दोपहिया वाहन चालकों को अचानक सामने आने वाले वाहनों से बचने के लिए परेशानी होती है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सफाई नहीं कराई गई तो समस्या और गंभीर हो सकती है।
खानपुर डिलवल ग्राम पंचायत की ग्राम प्रधान सरोज सिंह ने बताया कि ग्राम प्रधान का कार्यकाल समाप्त होने के कारण नया स्टीमेट तैयार नहीं हो सका, जिसके चलते झाड़ियों की सफाई का काम नहीं हो पाया। उन्होंने कहा कि समस्या को गंभीरता से लेते हुए व्यक्तिगत स्तर पर झाड़ियों की सफाई कराई जाएगी, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके।
ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से भी सड़क किनारे उगी झाड़ियों को जल्द हटाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई होने से मार्ग पर आवागमन सुगम होने के साथ संभावित हादसों का खतरा भी कम किया जा सकता है।
Location : Kanpur Dehat
Published : 28 September 2026, 10:28 AM IST
Topics : Dilwal Jhinjhak Kanpur dehat sikandra uttar pradesh