नून नदी को जीवन देने वाले IAS राजेश कुमार पांडेय अब किस जिले की संभालेंगे कमान?

तीन साल का कार्यकाल पूरा होने से सिर्फ दो दिन पहले जालौन डीएम राजेश कुमार पांडेय का तबादला कर दिया गया। नून नदी के पुनर्जीवन और जल संरक्षण के कामों के लिए चर्चा में रहे राजेश कुमार पांडेय अब बहराइच की जिम्मेदारी संभालेंगे।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 11 September 2026, 12:50 PM IST
google-preferred

Jalaun: उरई में जालौन के जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय का तबादला शासन ने उनके तीन साल का कार्यकाल पूरा होने से ठीक दो दिन पहले कर दिया। उन्होंने 12 सितंबर 2023 को जालौन डीएम का पद संभाला था और उनका तीन साल का कार्यकाल 12 सितंबर 2026 को पूरा होना था। इससे पहले ही 10 सितंबर को तबादले का आदेश जारी कर दिया गया। अब समीर को जालौन का नया जिलाधिकारी बनाया गया है।

नून नदी के पुनर्जीवन से मिली खास पहचान

राजेश कुमार पांडेय के करीब तीन साल के कार्यकाल में नून नदी का पुनर्जीवन सबसे प्रमुख कामों में शामिल रहा। करीब 81 किलोमीटर लंबी और सूख चुकी नून नदी की स्थिति सुधारने के लिए ड्रोन से सर्वे कराया गया। इसके बाद नदी की सफाई, चौड़ीकरण और जल संरक्षण का काम जनभागीदारी के जरिए कराया गया। अभियान में बड़ी संख्या में लोगों ने श्रमदान भी किया।

47 गांवों के किसानों को मिला फायदा

नून नदी के पुनर्जीवन से जिले के 47 गांवों के करीब 17,706 किसानों को फायदा मिलने की जानकारी सामने आई। इससे सिंचाई की सुविधा बढ़ने के साथ जल संरक्षण को भी बढ़ावा मिला। इस काम को राष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान मिली। नवंबर 2025 में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने विज्ञान भवन में राजेश कुमार पांडेय को राष्ट्रीय जल पुरस्कार से सम्मानित किया था।

चौक नगर पंचायत में प्रशासनिक फेरबदल, ईओ ओमप्रकाश यादव का तबादला जालौन

कम पानी वाली फसलों को दिया बढ़ावा

जल संरक्षण के साथ प्रशासन ने भूजल के ज्यादा इस्तेमाल को कम करने पर भी जोर दिया। किसानों को अधिक पानी की जरूरत वाली फसलों के बजाय मूंग जैसी कम पानी वाली फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित किया गया। जिले के अलग-अलग ब्लॉकों में इस पहल के बाद भूजल स्तर में सुधार का भी उल्लेख किया गया।

योजनाओं की निगरानी में दिखाई सख्ती

डीएम के कार्यकाल में विकास योजनाओं और सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया गया। काम में लापरवाही मिलने पर अधिकारियों से जवाब मांगा गया और जरूरत पड़ने पर वेतन रोकने जैसी कार्रवाई भी की गई। इससे सरकारी योजनाओं की निगरानी को लेकर प्रशासन की सख्ती का संदेश गया।

जालौन में SDM और ब्लॉक प्रमुख के बीच विवाद का CCTV आया सामने, जांच के बीच बढ़ा सियासी और प्रशासनिक विवाद

गौशालाओं और आपदा प्रबंधन पर भी फोकस

गौशालाओं की निगरानी बेहतर करने के लिए सीसीटीवी व्यवस्था विकसित की गई और जिला नियंत्रण कक्ष से निगरानी की पहल की गई। इसके अलावा करीब 240 हेक्टेयर चरागाह और ग्राम समाज की जमीन पर हरे चारे का उत्पादन कराया गया। बाढ़ के दौरान राहत और बचाव की तैयारियों की भी लगातार समीक्षा की गई।

अब बहराइच की संभालेंगे जिम्मेदारी

करीब तीन साल तक जालौन की जिम्मेदारी संभालने के बाद राजेश कुमार पांडेय अब बहराइच के जिलाधिकारी होंगे। जालौन में उनका कार्यकाल तीन साल पूरा होने से महज दो दिन पहले तबादले के आदेश से खत्म हो गया। उनके कार्यकाल की सबसे बड़ी पहचान नून नदी के पुनर्जीवन, जल संरक्षण और जनभागीदारी से जुड़े अभियानों के रूप में बनी।

Location :  Jalaun

Published :  11 September 2026, 12:24 PM IST

Advertisement