
बकाया रुपए मांगना पड़ा भारी
Gorakhpur: सहजनवा थाना क्षेत्र में बकाया पैसे मांगना एक ढाबा संचालक को महंगा पड़ गया। मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया, जिसमें दबंगों ने ढाबा संचालक और उसके साथी पर लाठी-डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
क्या है पूरी खबर?
जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत वार्ड नंबर 14 लूचूई निवासी शिव जायसवाल, जो गीडा सेक्टर 22 में ढाबा चलाते हैं, गुरुवार की शाम करीब 4 बजे अपने ढाबे पर मौजूद थे। इसी दौरान अजय कुमार साहनी उर्फ संजीत नामक युवक वहां पहुंचा, जिस पर पहले से करीब 1500 रुपये बकाया था। जब शिव जायसवाल ने उससे अपना बकाया पैसा मांगा, तो उसने पहले 1000 रुपये दिए, लेकिन इसके बाद अचानक आक्रामक हो गया और गाली-गलौज शुरू कर दी।
“तुमने पैसे मांगने की हिम्मत कैसे की
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी ने यह कहते हुए विवाद बढ़ा दिया कि “तुमने पैसे मांगने की हिम्मत कैसे की?” जब शिव जायसवाल ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने अपने कुछ साथियों को फोन कर मौके पर बुला लिया। कुछ ही देर में पहुंचे मनबढ़ युवकों ने ढाबे पर पहुंचते ही लाठी-डंडों से हमला बोल दिया।
दोनों घायलों की हालत गंभीर
इस हमले में शिव जायसवाल के सिर पर गंभीर चोट आई और वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। बीच-बचाव करने पहुंचे कृष्णा पटवा को भी हमलावरों ने नहीं बख्शा और उनके सिर पर भी वार कर दिया। दोनों घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जिला अस्पताल रेफर
सूचना मिलते ही सहजनवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिपरौली भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
Maharajganj: कोल्हुई में पेट्रोल डीजल की किल्लत से लगी लंबी कतारें, जनजीवन बुरी तरह प्रभावित
पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर अजय कुमार साहनी उर्फ संजीत, अमित साहनी और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं स्थानीय लोगों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Location : गोरखपुर
Published : 24 April 2026, 2:55 PM IST
Topics : Gorakhpur News Latest News up crime UP News