हिंदी
मामूली कहासुनी ने लिया हिंसक रूप (IMG: Dynamite News)
Hathras: हाथरस में मामूली विवाद ने ऐसा हिंसक रूप ले लिया कि देखते ही देखते मारपीट के बाद गोलियां चलने लगीं। दिनदहाड़े चार लोगों पर तमंचों से ताबड़तोड़ फायरिंग करने का आरोप है। इस दौरान एक युवक की जान बाल-बाल बच गई। हमलावरों की तरफ से चलाई गई एक गोली युवक के पेट को छूकर निकल गई, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।
पूरा मामला हाथरस जंक्शन कोतवाली क्षेत्र के गांव बरवाना का है। जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी उमेश कुमार उर्फ छोटू पुत्र हरिशंकर शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे अपने घर पर बैठा हुआ था। इसी दौरान गांव के ही कुछ लोग तमंचे लेकर वहां पहुंच गए। आरोप है कि शिवा पुत्र लहरी सिंह, सचिन राघव, अर्जुन राघव और राकेश कुमार ने उमेश के साथ विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते कहासुनी ने मारपीट का रूप ले लिया।
बिना बताए घर से निकला था, कासगंज पहुंचने से पहले ही… हाथरस में ट्रैक पर मिला युवक का शव, मचा कोहराम
परिजनों की शिकायत के मुताबिक, चारों आरोपियों ने उमेश के साथ मारपीट करने के बाद उस पर तमंचों से कई राउंड फायरिंग की। अचानक गोलियां चलने से मौके पर भगदड़ जैसे हालात बन गए। अपनी जान बचाने के लिए उमेश वहां से भागकर घर की तरफ जाने लगा। इसी दौरान एक गोली उसके पेट को छूती हुई निकल गई। गोली लगने से वह घायल हो गया। गनीमत रही कि गोली सीधे पेट में नहीं लगी, वरना हादसा और गंभीर हो सकता था।
मामूली कहासुनी ने लिया हिंसक रूप (IMG: Dynamite News)
इस घटना के दौरान हुई मारपीट, हंगामे और फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात सामने आई है। वीडियो को लेकर इलाके में चर्चा बनी हुई है। दिनदहाड़े गांव के अंदर गोलियां चलने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, वायरल वीडियो में दिखाई देने वाली गतिविधियों और घटना से जुड़े सभी आरोपों की पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना के बाद घायल उमेश के परिजन उसे लेकर पुलिस के पास पहुंचे। परिजनों ने शिवा, सचिन राघव, अर्जुन राघव और राकेश कुमार के खिलाफ हाथरस जंक्शन कोतवाली में तहरीर दी है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि चारों लोगों ने उमेश के साथ मारपीट की और फिर तमंचों से कई राउंड फायरिंग की। इस दौरान एक गोली उमेश के पेट को छूकर निकल गई।
Location : Hathras
Published : 27 November 2026, 4:45 PM IST