हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (Source: Pinterest )
Hardoi: जिले के संडीला कोतवाली क्षेत्र के आटा मऊ गांव में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब ग्रामीणों ने खेत के पास दो युवकों के शव पड़े देखे। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जांच में दोनों युवकों के शरीर पर धारदार हथियार से किए गए कई गहरे वार के निशान मिले हैं। पुलिस को आशंका है कि अज्ञात बदमाशों ने बेरहमी से हत्या करने के बाद शवों को यहां फेंक दिया। हालांकि हत्या किस वजह से की गई, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है।
पुलिस के अनुसार, दोनों मृतकों की पहचान कछौना क्षेत्र के रहने वाले युवकों के रूप में की जा रही है। पहचान की प्रक्रिया पूरी की जा रही है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस मृतकों के पारिवारिक, सामाजिक और अन्य संपर्कों की भी जांच कर रही है ताकि हत्या के पीछे की वजह का पता लगाया जा सके।
घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। टीम ने मौके से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
दिल्ली से लखनऊ तक सियासी हलचल तेज, अखिलेश यादव और सौगत रॉय की मुलाकात से कांग्रेस की धड़कनें बढ़ी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए कई टीमें गठित की गई हैं। तकनीकी साक्ष्यों, फोरेंसिक रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही इस दोहरे हत्याकांड का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
Location : Hardoi
Published : 30 July 2026, 12:11 PM IST
Topics : Breaking News Hardoi News up crime