
संपूर्ण समाधान दिवस
Maharajganj: जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा व पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जनसुनवाई की गई। इस दौरान कुल 130 मामले प्राप्त हुए, जिनमें से 12 का निस्तारण जिलाधिकारी द्वारा मौके पर ही कर दिया गया।
शेष मामलों के संबंध में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करते हुए सभी प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने विशेष रूप से भूमि विवाद से जुड़े मामलों में त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
संपूर्ण समाधान दिवस में अनुपस्थित अधिकारियों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में अनुपस्थिति स्वीकार्य नहीं होगी। इस दौरान उप कृषि निदेशक, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, परियोजना अधिकारी डूडा, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, सहायक निदेशक मत्स्य और सहायक निदेशक रेशम अनुपस्थित पाए गए।
SIR-2026 को लेकर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा सख्त, दावे-आपत्तियों की सुनवाई पर ऑनलाइन निगरानी
कार्यक्रम की खास बात यह रही कि कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की कक्षा 8 की छात्रा अनन्या दूबे को मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत एक दिन के लिए जिलाधिकारी बनाया गया। अनन्या ने संपूर्ण समाधान दिवस में आए मामलों की सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
अनन्या दूबे ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि डीएम की कुर्सी पर बैठकर उन्हें बहुत अच्छा लगा। उन्होंने कहा कि इस अनुभव से उन्हें प्रशासनिक कार्यों को नजदीक से समझने और भविष्य में बेहतर करने की प्रेरणा मिली है।
इस अवसर पर एसडीएम निचलौल सिद्धार्थ गुप्ता, तहसीलदार निचलौल अमित सिंह, सीओ निचलौल बसंत सिंह, डीडीओ बी.एन. कन्नौजिया, बीडीओ निचलौल शमा सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Location : Maharajganj
Published : 23 March 2026, 5:01 PM IST
Topics : DM Santosh Kumar Sharma Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) Sampoorna Samadhan Diwas Sp Somendra Meena