
घटनास्थल की तस्वीर (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज)
Greater Noida: ग्रेटर नोएडा की हाई-प्रोफाइल पैरामाउंट गोल फॉरेस्ट सोसायटी में हुई लूट की वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी है। देर रात अज्ञात बदमाश विला के अंदर घुस गया। चाकू की नोक पर महिला को बंधक बनाकर लाखों रुपये के जेवर और नगदी लूटकर फरार हो गया। वारदात के दौरान महिला के दो छोटे बच्चे भी घर में मौजूद थे। बदमाश ने बच्चों को भी चाकू दिखाकर डराया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद सोसायटी की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।
विला नंबर-126 में रहने वाली अपर्णा राय ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सुबह करीब 3:30 बजे एक नकाबपोश व्यक्ति उनके घर में घुस आया। उसके हाथ में चाकू था। आरोपी ने पहले उनके साथ मारपीट की और फिर बच्चों को भी डराकर शांत रहने के लिए कहा। महिला ने बताया कि बदमाश ने अलमारी और घर के दूसरे हिस्सों की तलाशी ली। इस दौरान वह सोने-चांदी के जेवर, नगदी और कीमती सामान अपने साथ ले गया। इतना ही नहीं, उसने अपर्णा राय के गले से सोने की चेन और हाथों से अंगूठियां भी उतरवा ली। महिला का दावा है कि करीब 15 लाख रुपये की संपत्ति लूटी गई। जाते समय आरोपी ने यह भी कहा कि अगर किसी को घटना की जानकारी दी तो उसके पास पिस्तौल भी है और वह जान से मार देगा।
घटना के समय अपर्णा राय के पति नितिन राय ऑफिस के काम से बेंगलुरु गए हुए थे। घर में अपर्णा राय के साथ उनके दो बच्चे मौजूद थे, जबकि नीचे वाले फ्लोर पर उनके सास-ससुर सो रहे थे। सुबह होने के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई।
नोएडा की लड़कियों से फ्रेंडशिप? पढ़ लें ताजा मामला, नहीं तो हो जाएगा कांड
पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला लूट का प्रतीत हो रहा है, लेकिन जांच के दौरान कुछ तथ्य ऐसे भी सामने आए हैं जिनकी वजह से पूरी घटना को कई एंगल से खंगाला जा रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामला कुछ हद तक संदिग्ध भी लग रहा है, इसलिए जल्दबाजी में किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा जा सकता। फिलहाल सीसीटीवी फुटेज, फॉरेंसिक रिपोर्ट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस वारदात का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Location : Greater Nooida
Published : 6 July 2026, 10:44 AM IST
Topics : Greater Nooida noida news UP News UP Police