
झाडु लगाते दिखे बच्चे (image source: internet)
Noida: उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा के तुस्याना गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय से सामने आए एक वीडियो ने शिक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में स्कूल यूनिफॉर्म पहने छोटे बच्चे किताबों की जगह हाथों में झाडू लेकर स्कूल परिसर की सफाई करते दिखाई दे रहे हैं। वहीं दूसरे वीडियो में एक छात्र स्कूल का गेट बंद होने की वजह से दीवार फांदकर अंदर जाता नजर आ रहा है। घटना सामने आने के बाद अभिभावकों और ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि स्कूल में बच्चों को समय से पहले बुला लिया जाता है, जबकि शिक्षक अक्सर देर से पहुंचते हैं। इसी दौरान बच्चों से स्कूल परिसर और कमरों की सफाई करवाई जाती है। वायरल वीडियो में कई बच्चे झाड़ू लगाते नजर आ रहे हैं, जिससे बेसिक शिक्षा विभाग के बेहतर शिक्षा और सुविधाओं के दावों पर सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बच्चों को स्कूल पढ़ाई के लिए भेजा जाता है लेकिन उनसे सफाई का काम करवाया जा रहा है। अभिभावकों का आरोप है कि स्कूल में कर्मचारियों की जिम्मेदारी बच्चों पर डाल दी गई है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने शिक्षा विभाग की कार्यशैली पर नाराजगी जताई है और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
सालंतगढ़ वनटांगिया में हादसे के शिकार बच्चाें के परिवार दी गई आर्थिक मदद
ग्रामीणों का दावा है कि यह पहली बार नहीं है जब स्कूल की लापरवाही सामने आई हो। उनका कहना है कि शिक्षकों के समय पर न पहुंचने से बच्चे लंबे समय तक बिना निगरानी के स्कूल में मौजूद रहते हैं। इससे बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।
ग्रेटर नोएडा के तुस्याना गांव के सरकारी स्कूल का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में छोटे बच्चे यूनिफॉर्म पहनकर झाड़ू लगाते नजर आए, जबकि एक छात्र बंद गेट की वजह से दीवार फांदकर स्कूल पहुंचा। घटना के बाद शिक्षा व्यवस्था और बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठने… pic.twitter.com/Q0ckLFwYkW
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) May 8, 2026
वायरल दूसरे वीडियो ने स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में एक छात्र स्कूल का गेट बंद होने के कारण दीवार फांदकर अंदर जाता दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि मुख्य गेट पर ताला लगा होने के कारण बच्चों को इस तरह अंदर जाना पड़ा।
ग्रामीणों का कहना है कि छोटे बच्चों के लिए दीवार फांदना खतरनाक साबित हो सकता है और इससे बड़ा हादसा भी हो सकता था। सोशल मीडिया पर लोग इस घटना को सरकारी स्कूलों की लापरवाही और खराब व्यवस्था का उदाहरण बता रहे हैं।
Video: प्रतिमा के अपमान पर सपा कार्यकर्ता गुस्से में, बोले दोषियों पर हो कड़ी कार्रवाई
वीडियो वायरल होने के बाद पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है। लोगों का कहना है कि सरकारी स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था सुधारने के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही दिखाई दे रही है।
फिलहाल शिक्षा विभाग की ओर से मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हालांकि वीडियो वायरल होने के बाद कार्रवाई की मांग तेज हो गई है और अभिभावक दोषियों पर सख्त कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।
Location : greater-noida-government-school-children-cleaning-viral-video-news
Published : 8 May 2026, 5:38 PM IST