हिंदी
Mainpuri: मैनपुरी नगर पालिका क्षेत्र के लोहिया पार्क में स्थापित समाजवादी विचारक और स्वतंत्रता सेनानी डॉ राम मनोहर लोहिया की प्रतिमा पर कीचड़ डालकर अपमानित करने की घटना ने राजनीतिक और सामाजिक हलचल मचा दी है। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं में घटना को लेकर भारी रोष है।
समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता आलोक कुमार शाक्य के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि कुछ अराजक तत्वों ने सुनियोजित तरीके से प्रतिमा पर चढ़ाई की और उसके सिर पर कीचड़ डालकर अपमानित किया।
सपा नेताओं ने इसे समाजवादी विचारधारा और देश के महान नेता का अपमान बताया और चेतावनी दी कि इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से लोहिया पार्क और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तार करने की मांग की। साथ ही पार्क की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की भी बात कही गई।
आलोक कुमार शाक्य ने कहा कि डॉ राम मनोहर लोहिया की प्रतिमा का अपमान पूरे समाजवादी परिवार का अपमान है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पुलिस को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
Location : Mainpuri
Published : 8 May 2026, 3:59 PM IST