गोरखपुर के नेवास गांव में फंदे से लटका मिला शव, सनसनी

गोरखपुर के सहजनवा क्षेत्र में 30 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। गांव में शोक और दहशत का माहौल है।

Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के सहजनवा क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। पिपरौली चौकी क्षेत्र के नेवास गांव में 30 वर्षीय शिवम मिश्रा का शव उनके पुराने मकान में लोहे की खूंटी से गमछे के सहारे लटका मिला। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है।

सुबह परिजनों ने देखा शव

जानकारी के अनुसार, शिवम मिश्रा अपने परिवार के सबसे छोटे पुत्र थे और एक निजी विद्यालय में ड्राइवर के रूप में कार्यरत थे। परिजनों ने बताया कि मंगलवार रात रोज की तरह पूरा परिवार खाना खाकर सो गया था। सुबह जब उनके पिता मंगल मिश्रा पुराने मकान की सफाई के लिए पहुंचे, तो अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। शिवम का शव कमरे में फंदे से लटका हुआ था।

परिजनों ने उतारा नीचे, पुलिस को दी सूचना

परिवार के सदस्यों ने तत्काल गमछा काटकर युवक को नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद घटना की जानकारी डायल 112 पर दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने की जांच

चौकी प्रभारी संतोष कुमार सिंह और थाना प्रभारी अश्वनी कुमार पांडेय ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से साक्ष्य एकत्र किए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

गोरखपुर: दुकान के अंदर 3 दिन से पड़ी थी लाश, बदबू ने खोला राज

परिवार में पसरा मातम

परिजनों के अनुसार शिवम स्वभाव से शांत और जिम्मेदार युवक थे। वह परिवार में चार भाइयों में सबसे छोटे थे। परिवार में तीन बहनें भी हैं, जिनमें दो की शादी हो चुकी है और एक की शादी की तैयारी चल रही थी। अचानक हुई इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज

फिलहाल पुलिस ने मामले में किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है। प्रभारी निरीक्षक के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

Gorakpur: ईंट खरीदने के बहाने ड्राइवर को ठगा और ले उड़े ट्राली, जानें गोरखपुर पुलिस ने कैसे दबोचा

गांव में मातम और सन्नाटा

इस दर्दनाक घटना के बाद नेवास गांव में शोक का माहौल है। हर कोई इस अचानक हुई मौत से स्तब्ध है और लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है और जांच जारी रखी है।

Location :  Gorakhpur

Published :  15 April 2026, 3:58 PM IST

Advertisement