Gorakhpur: मिशन शक्ति अभियान के तहत जिला कारागार में बंद महिलाओं से हुई वार्ता

महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण और अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मिशन शक्ति विशेष अभियान 5.0 के तहत सोमवार को जिला कारागार में निरूद्ध महिलाओं एवं बालिकाओं के साथ विशेष वार्ता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

Gorakhpur: महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण और अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मिशन शक्ति विशेष अभियान 5.0 के तहत सोमवार को जिला कारागार में निरूद्ध महिलाओं एवं बालिकाओं के साथ विशेष वार्ता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर के निर्देशन में संचालित हुआ।

इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी कार्यालय, उपजिलाधिकारी (न्यायिक) चौरीचौरा, जेल अधीक्षक, जिला प्रोबेशन अधिकारी तथा वन स्टॉप सेंटर गोरखपुर की सेंटर मैनेजर ने संयुक्त रूप से सहभागिता की।

अधिकारियों ने कारागार में निरूद्ध महिलाओं से संवाद स्थापित करते हुए उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा उन्हें हर संभव मदद और निशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

वार्ता के दौरान अधिकारियों ने महिलाओं को उनके बच्चों व परिवार के हित में सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और सुरक्षा सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्हें महत्वपूर्ण टोल फ्री हेल्पलाइन नंबरों — 1090 (महिला हेल्पलाइन), 108 (एंबुलेंस सेवा), 102 (जननी एंबुलेंस), 1098 (बाल सहायता हेल्पलाइन), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 181 (महिला आपातकालीन सेवा), 1930 (साइबर क्राइम रिपोर्टिंग) तथा डायल 112 (आपातकालीन पुलिस सहायता) — के उपयोग और महत्व के बारे में विस्तार से बताया गया।

इसके साथ ही महिला हेल्प डेस्क एवं परिवार परामर्श केंद्र की कार्यप्रणाली से भी महिलाओं को अवगत कराया गया, ताकि वे अपनी समस्याओं के समाधान हेतु इन माध्यमों का लाभ उठा सकें। अधिकारियों ने कारागार में निरूद्ध महिलाओं को पढ़ाई, सिलाई-कढ़ाई और अन्य उपयोगी कौशल सीखने के लिए प्रेरित किया, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें और समाज में पुनः सम्मानजनक जीवन जी सकें।

कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रशासन उनके पुनर्वास और सम्मानजनक जीवन की दिशा में हर संभव सहयोग करेगा।

इस मौके पर थाना प्रभारी महिला थाना गोरखपुर सहित अन्य पुलिस कर्मी भी मौजूद रहे। मिशन शक्ति के इस प्रयास को महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में एक सार्थक कदम माना जा रहा है।

Location : 
  • Gorakhpur

Published : 
  • 6 October 2025, 8:10 PM IST