Gorakhpur News: साइबर फ्रॉड के शिकार हुए युवक को ऐसे मिली मेहनत की कमाई वापस

गोरखपुर में पुलिस प्रशासन द्वारा साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और आम नागरिकों को राहत दिलाने के लिए चलाया जा रहा अभियान लगातार सफल साबित हो रहा है। पुलिस ने साइबर फ्रॉड के शिकार हुए एक पीड़ित को उसकी मेहनत की रकम वापस लौटाई।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 3 September 2025, 7:14 PM IST
google-preferred

Gorakhpur:  जनपद गोरखपुर में पुलिस प्रशासन द्वारा साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और आम नागरिकों को राहत दिलाने के लिए चलाया जा रहा अभियान लगातार सफल साबित हो रहा है। इसी क्रम में थाना बड़हलगंज पुलिस ने साइबर फ्रॉड का शिकार हुए एक पीड़ित को उसकी मेहनत की कमाई वापस दिलाकर न केवल मिसाल कायम की है, बल्कि जनपद में पुलिस पर विश्वास भी मजबूत किया है।

जानकारी के अनुसार  थाना बड़हलगंज क्षेत्र के एक व्यक्ति ने साइबर पुलिस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी हुई है। शिकायतकर्ता ने बताया कि यूपीआई के माध्यम से उनके खाते से 40,000 रुपये किसी अज्ञात व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर हो गए हैं। इस घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस से मदद की गुहार लगाई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर के निर्देश और पुलिस अधीक्षक अपराध तथा पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के मार्गदर्शन में, क्षेत्राधिकारी गोला के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष बड़हलगंज चन्द्रभान सिंह के नेतृत्व में थाना स्थानीय की साइबर सेल टीम सक्रिय हुई और तकनीकी जांच शुरू की।

साइबर सेल की तत्परता और सूझबूझ से खाते का पता लगाया गया और समय रहते संबंधित बैंक से संपर्क कर रकम को सुरक्षित कर लिया गया। मेहनत रंग लाई और पीड़ित के खाते में पूरे 40,000 रुपये की राशि वापस करा दी गई।

UP Crime: गोरखपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हत्या में लिप्त गिरोह पर दर्ज हुआ केस

पुलिस की इस कार्यवाही से न केवल पीड़ित का विश्वास बहाल हुआ, बल्कि अन्य आमजन को भी यह भरोसा मिला कि समय रहते शिकायत करने और पुलिस की मदद लेने पर साइबर अपराध से हुई हानि की भरपाई संभव है।

बरामदगी टीम

इस सराहनीय कार्य में थानाध्यक्ष चन्द्रभान सिंह, उ0नि0 सुनील सिंह, उ0नि0 राजेश ठाकुर, कम्प्यूटर आपरेटर ग्रेड-बी विनय चौहान, का0 उपेन्द्र कुश्वाहा एवं का0 महेश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इन सभी के संयुक्त प्रयास से साइबर फ्रॉड पीड़ित को न्याय मिल पाया।

पुलिस की लोगों से अपील

जनपद गोरखपुर पुलिस लगातार लोगों को जागरूक कर रही है कि किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें, अंजान नंबर पर ओटीपी साझा न करें और संदिग्ध कॉल से सावधान रहें। साथ ही यदि कोई धोखाधड़ी होती है तो तत्काल 1930 नंबर या साइबर पुलिस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।

UP Crime: गोरखपुर पुलिस की बड़ी कामयाबी: चोरी के मामले में दो अभियुक्त गिरफ्तार, मंगलसूत्र-नथुनी सहित नकदी बरामद

बड़हलगंज पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने फिर साबित कर दिया है कि सतर्कता और तत्परता से साइबर अपराधियों पर अंकुश लगाया जा सकता है और आम जनता को राहत दिलाई जा सकती है।

Location :