हिंदी
युवती को अगवा करने का आरोप (Img: Pinterest)
Gorakhpur: सहजनवा थाना क्षेत्र के नगर पंचायत सहबाजगंज वार्ड नंबर-5 से एक 12 वर्षीय किशोरी के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि पड़ोस का एक युवक उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया। पुलिस ने पिता की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, किशोरी 11 जुलाई की सुबह करीब 9 बजे घर से दवा लेने के लिए निकली थी। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में खोजबीन के बावजूद जब उसका कोई पता नहीं चला तो परिवार की चिंता बढ़ गई।
ये भी पढ़ें- सब कुछ कानूनी लग रहा था, लेकिन एक गलती ने खोल दिया करोड़ों का खेल… गोरखपुर में ऐसे हुआ फर्जी बैनामे का खुलासा
परिजनों का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाला राजकुमार नामक युवक किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। परिवार ने जब आरोपी के मोबाइल नंबर पर संपर्क किया तो वह हर बार अलग-अलग बातें करने लगा। कभी उसने खुद को पंजाब में बताया तो कभी दुबई में होने का दावा किया। आरोपी की बदलती लोकेशन और विरोधाभासी बातें परिजनों की आशंकाओं को और बढ़ा रही हैं। वहीं किशोरी का मोबाइल लगातार स्विच ऑफ आ रहा है, जिससे उसकी सही स्थिति का पता नहीं चल पा रहा है।
घटना के बाद पीड़ित पिता ने सहजनवा थाने में तहरीर देकर बेटी की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी राजकुमार के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
ये भी पढ़ें- अब चुप नहीं बैठेंगे… चढ़ावा चोरी और पेपर लीक पर कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन, महराजगंज में सड़कों पर उतरे हजारों लोग
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपी की लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसकी तलाश की जा रही है। साथ ही किशोरी की सकुशल बरामदगी के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है।
Location : Gorakhpur
Published : 13 July 2026, 6:48 PM IST
Topics : Gorakhpur News Kidnapping Case missing girl