गोरखपुर में अपराधियों पर चला पुलिस का हंटर, गैंगस्टर की टूटी कमर

गोरखपुर में गैंगस्टर एक्ट के आरोपियों पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। इसी अभियान के तहत एम्स थाना पुलिस ने रविवार को धोखाधड़ी के मामलों में आरोपित गैंगस्टर की अवैध संपत्ति पर बड़ी कार्रवाई की। पुलिस की इस कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मच गया है।

Gorakhpur: जनपद में संगठित अपराध और गैंगस्टर एक्ट के आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एम्स थाना पुलिस ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए धोखाधड़ी के मामलों में आरोपित गैंगस्टर की अवैध संपत्ति जब्त कर ली। जिलाधिकारी के आदेश पर की गई इस कार्रवाई के तहत आरोपी के नाम से अर्जित लगभग 42 हजार रुपये कीमत के दोपहिया वाहन को उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम, 1986 की धारा 14(1) के अंतर्गत जब्त किया गया।

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी कैंट के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष एम्स महेंद्र कुमार पांडेय के नेतृत्व में की गई। जब्त की गई संपत्ति गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे से संबंधित अभियुक्त मनोज पुत्र सुदर्शन निवासी रक्षवापार, थाना पिपराइच की बताई गई है।

घर से निकले… और सीधे पहुंचे अस्पताल, गोरखपुर के अमित उर्फ मिंटू के लापता होने की मिस्ट्री सुलझी

पुलिस का बयान

पुलिस का कहना है कि आरोपी के विरुद्ध वर्ष 2023 में विभिन्न थानों में धोखाधड़ी, जालसाजी, कूटरचना, आपराधिक षड्यंत्र, धमकी और गैंगस्टर एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी पर लोगों को झांसा देकर धोखाधड़ी करने तथा अवैध तरीके से संपत्ति अर्जित करने के आरोप हैं। इन्हीं मामलों के आधार पर प्रशासन ने उसकी अवैध संपत्ति को जब्त करने का आदेश जारी किया था।

एम्स थाना पुलिस ने विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी के दोपहिया वाहन को कब्जे में लेकर जब्तीकरण की कार्रवाई संपन्न की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराध से अर्जित संपत्तियों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और संगठित अपराध में लिप्त किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे अपराधियों की अवैध कमाई और संपत्तियों को चिन्हित कर कानून के अनुसार जब्त करने की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी।

CCTV फुटेज से खुला मौत का राज; कल्पेश और नीलम की वो खौफनाक साजिश, जिसने पूरे गोरखपुर को रुला दिया

कार्रवाई से अपराधियों में भय

पुलिस का मानना है कि इस तरह की कार्रवाई से अपराधियों में कानून का भय बढ़ेगा और संगठित अपराध पर प्रभावी अंकुश लगेगा। साथ ही आमजन में सुरक्षा और कानून के प्रति विश्वास भी मजबूत होगा। एम्स थाना पुलिस की इस कार्रवाई को जनपद में अपराधियों की आर्थिक कमर तोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Location :  Gorakhpur

Published :  5 July 2026, 11:46 PM IST

Advertisement