मंजिल तक पहुंचने से पहले गायब हुई अनार से भरी डीसीएम, व्यापारी ने चालक-ट्रांसपोर्टर पर उठाए सवाल

गोरखपुर में फल से लदी एक डीसीएम के गायब होने का मामला सामने आया है, जिसने व्यापारी को हैरान कर दिया। गुजरात से अनार लेकर निकला वाहन अपनी मंजिल तक पहुंचने से पहले ही रहस्यमय तरीके से गायब हो गया।

Gorakhpur: गुजरात से अनार लादकर सिकरीगंज जा रही डीसीएम के चालक के वाहन समेत रहस्यमय ढंग से गायब होने का मामला सामने आया है। डीसीएम में लदा अनार लेकर चालक के फरार होने का आरोप लगाते हुए फल व्यापारी ने पिपरौली पुलिस चौकी में ट्रांसपोर्टर और चालक के खिलाफ तहरीर दी है।

व्यापारी का आरोप है कि टेनुआ टोल प्लाजा पार करने के बाद चालक से संपर्क टूट गया और काफी प्रयास के बावजूद डीसीएम का कोई पता नहीं चल सका।

जानकारी के अनुसार सिकरीगंज थाना क्षेत्र के इमलिया गांव निवासी मोहम्मद हसीब पुत्र स्व. शम्सुद्दीन फल व्यापारी हैं। उन्होंने गुजरात स्थित एक ट्रांसपोर्ट के माध्यम से डीसीएम बुक कराई थी। डीसीएम में अनार लादकर उसे सिकरीगंज के लिए रवाना किया गया था।

टेनुआ टोल प्लाजा के बाद गायब हुआ ट्रक

व्यापारी के मुताबिक वाहन निर्धारित रास्ते से आगे बढ़ रहा था और टेनुआ टोल प्लाजा भी पार कर चुका था। इसके बाद अचानक चालक का मोबाइल संपर्क से बाहर हो गया।

पहले व्यापारी ने इसे सामान्य तकनीकी समस्या मानते हुए कुछ समय इंतजार किया। जब काफी देर तक चालक से संपर्क नहीं हुआ तो उन्होंने ट्रांसपोर्टर से जानकारी लेने का प्रयास किया। ट्रांसपोर्टर से भी स्पष्ट जानकारी नहीं मिलने पर व्यापारी की चिंता बढ़ गई। इसके बाद अपने स्तर से डीसीएम और चालक की तलाश शुरू की गई, लेकिन दोनों का कहीं पता नहीं चल सका।

फल व्यापारी ने की  कार्रवाई की मांग

फल से लदी डीसीएम के इस तरह गायब होने से व्यापारी को आर्थिक नुकसान की आशंका है। उन्होंने पूरे मामले में ट्रांसपोर्टर की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए पिपरौली पुलिस चौकी पहुंचकर तहरीर दी और डीसीएम चालक व ट्रांसपोर्टर के खिलाफ जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की। व्यापारी की शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

गोरखपुर की फैक्ट्री में रातोंरात साफ हुआ लाखों का माल, सीसीटीवी भी नहीं छोड़ा

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस टेनुआ टोल प्लाजा से लेकर आगे के संभावित मार्गों पर वाहन की आवाजाही और उपलब्ध साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है। इससे यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि डीसीएम टोल प्लाजा पार करने के बाद किस दिशा में गई और उसके बाद उसका संपर्क क्यों टूट गया।

विदेश भेजने के नाम पर ठगों ने बिछाया बड़ा जाल, गोरखपुर में हुआ बड़ा क्राइम

मामले में पुलिस का बयान

इस संबंध में पिपरौली चौकी प्रभारी अमरेश कुमार सिंह ने बताया कि व्यापारी की ओर से तहरीर मिली है। घटना टेनुआ टोल प्लाजा पार करने के बाद की बताई जा रही है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Gorakhpur

Published :  31 August 2026, 12:30 AM IST

Related News

Advertisement