Gorakhpur News: टाउनहाल की दवा मंडी में आग, देखते ही देखते फैला धुआं, फिर 20 मिनट में काबू

गोरखपुर की भलोटिया मार्केट स्थित दवा मंडी में शुक्रवार सुबह एक दवा की दुकान में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। फायर ब्रिगेड की तत्परता से 20 मिनट में आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 5 June 2026, 2:20 PM IST

Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर शहर में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब टाउनहाल स्थित भलोटिया मार्केट की दवा मंडी में अचानक आग लग गई। यह आग फर्स्ट फ्लोर पर स्थित एक दवा की दुकान में लगी, जिससे पूरे बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सुबह करीब 8:22 बजे जब दुकान से धुआं उठता दिखाई दिया तो आसपास के व्यापारियों और कर्मचारियों में दहशत फैल गई और देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई।

वेदिका ट्रेडर्स दुकान में लगी आग

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग वेदिका ट्रेडर्स नामक दवा की दुकान में लगी थी। दवा मंडी में दुकानें एक-दूसरे से सटी होने के कारण आग तेजी से फैलने का खतरा बढ़ गया था, जिससे व्यापारियों में भारी चिंता देखी गई। यदि आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता तो पूरा दवा बाजार इसकी चपेट में आ सकता था और करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही थी।

गोरखपुर में रेडिसन ब्लू सहित कई होटलों में फायर सेफ्टी जांच, दिल्ली अग्निकांड के बाद अलर्ट

20 मिनट में काबू पाया गया

घटना की सूचना मिलते ही फायर विभाग तुरंत सक्रिय हुआ। फायर स्टेशन गोलघर से दो फायर टेंडर मौके पर भेजे गए। फायर कर्मियों ने पहुंचते ही राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया और लगातार पानी की बौछार कर आग को फैलने से रोका गया। करीब 20 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। आग बुझने के बाद व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।

कोई जनहानि नहीं, लेकिन सामान को नुकसान

इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, लेकिन दुकान में रखी दवाइयों, फर्नीचर और अन्य सामान को काफी नुकसान पहुंचा है। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

यूपी में मौसम का बिगड़ रहा मिजाज; गोरखपुर-कानपुर समेत इन 10 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

अधिकारियों ने संभाली कमान

घटनास्थल पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी सीएफओ संतोष कुमार राय और फायर स्टेशन अधिकारी एफएसओ शान्तनु कुमार यादव मौजूद रहे और पूरी कार्रवाई की निगरानी की। दुकान मालिक अनुज अग्रवाल भी मौके पर पहुंच गए थे।

Location :  Gorakhpur

Published :  5 June 2026, 2:20 PM IST