यूपी में मौसम का बिगड़ रहा मिजाज; गोरखपुर-कानपुर समेत इन 10 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। गोरखपुर, कानपुर, आजमगढ़ समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई है। मौसम विभाग ने 35 जिलों में आंधी, बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम का उतार-चढ़ाव जारी रहने की संभावना है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 3 June 2026, 4:02 PM IST
google-preferred

Lucknow: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और उमस के बीच मौसम ने एक बार फिर अचानक करवट ले ली है। प्रदेश के कई जिलों में बुधवार दोपहर आसमान पर बादलों ने डेरा डाल दिया और देखते ही देखते तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। कहीं झमाझम बारिश हुई तो कहीं तेज आंधी ने लोगों को चौंका दिया। मौसम विभाग ने प्रदेश के 35 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। साथ ही 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है।

बुधवार को दोपहर बाद मौसम का सबसे ज्यादा असर गोरखपुर, कानपुर, आजमगढ़ समेत करीब 10 जिलों में देखने को मिला, जहां अचानक मौसम बदला और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश के कारण लोगों को गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन कई स्थानों पर राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का भी सामना करना पड़ा।

35 जिलों में बदलेगा मौसम

सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, बिजनौर, अमरोहा, झांसी, ललितपुर, हमीरपुर, महोबा, बांदा, चित्रकूट, फतेहपुर, कौशाम्बी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अंबेडकर नगर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, गाजीपुर, जौनपुर, वाराणसी, चंदौली, संत रविदास नगर (भदोही), मिर्जापुर, सोनभद्र।

यूपी में फिर मौसम का बड़ा खेल… 80 Km की रफ्तार से आंधी, इन जिलों में बारिश का अलर्ट

गोरखपुर में 15 मिनट की बारिश ने बदल दिया मौसम

गोरखपुर में बुधवार दोपहर अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। पहले तेज हवाएं चलीं और फिर कुछ ही मिनटों में बादलों ने शहर को घेर लिया। इसके बाद करीब 10 से 15 मिनट तक झमाझम बारिश हुई। अचानक हुई बारिश के चलते लोग जहां थे, वहीं रुकने को मजबूर हो गए। सड़क पर चल रहे वाहन चालक, बाइक सवार और पैदल यात्री दुकानों और छज्जों के नीचे शरण लेते नजर आए। बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया और तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

मौसम वैज्ञानिक डॉ. कैलाश पांडे के अनुसार यह स्थिति थंडर क्लाउड के कारण बनती है। उन्होंने बताया कि ऐसे बादल सीमित क्षेत्र में प्रभाव डालते हैं। कई बार एक इलाके में तेज बारिश होती है, जबकि कुछ ही दूरी पर धूप खिली रहती है। इस प्रकार की बारिश को "पासिंग शॉवर" कहा जाता है, जिसका असर लगभग एक किलोमीटर के दायरे में ही देखने को मिलता है।

मानसून की एंट्री तय, 17 राज्यों में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट, जानें आपके राज्य का मौसम हाल

कानपुर में तेज हवाओं के साथ बरसे बादल

कानपुर में भी दोपहर के समय मौसम ने अचानक करवट ली। तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई, जिससे लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली। बारिश शुरू होते ही बच्चों का उत्साह देखने लायक था। कई बच्चे घरों और गलियों में बारिश का आनंद लेते नजर आए।

कई जिलों में अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के 35 जिलों में आंधी और बारिश की संभावना बनी हुई है। कई क्षेत्रों में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है। विशेषज्ञों का कहना है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचना चाहिए। किसानों और ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों को भी विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Location :  Lucknow

Published :  3 June 2026, 4:02 PM IST

Advertisement