हिंदी
गोरखपुर समाचार
Gorakhpur: गोला बाजार के राम जानकी मार्ग पर गोला तहसील तिराहे के पास स्थित एलपीएम पब्लिक स्कूल के समीप लगा विद्युत विभाग का पोल शुरू से ही टेढ़ी स्थिति में था। हाल ही में सड़क किनारे नाले की खुदाई और निर्माण कार्य के बाद इसकी स्थिति और भी चिंताजनक हो गई है। मंगलवार को नाले के निर्माण के दौरान मिट्टी हटने से पोल और ज्यादा झुक गया, जिससे कभी भी उसके गिरने की आशंका बन गई है। यह मार्ग क्षेत्र का प्रमुख रास्ता है, जहां दिन भर वाहनों और राहगीरों की आवाजाही बनी रहती है।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार, यह टेढ़ा पोल यदि गिरता है तो सीधे सड़क के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन पर गिर सकता है। ऐसी स्थिति में बड़ा हादसा होना तय है। राहगीरों, वाहन चालकों, दुकानदारों और आसपास रहने वाले लोगों की जान जोखिम में पड़ सकती है। खास बात यह है कि पास में एलपीएम पब्लिक स्कूल होने के कारण सुबह और छुट्टी के समय बच्चों की भारी भीड़ रहती है। अभिभावकों का कहना है कि यदि इसी दौरान कोई दुर्घटना हो गई तो उसके गंभीर परिणाम होंगे।
इस गंभीर समस्या की जानकारी स्थानीय लोगों द्वारा तत्काल विद्युत विभाग के ग्रामीण क्षेत्र के जेई को दी गई। इसके बाद गोला नगर पंचायत के जेई से भी संपर्क कराया गया, जिन्होंने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों से बात करने की बात कही। लेकिन हैरानी की बात यह है कि दो दिन बीत जाने के बावजूद न तो विद्युत विभाग और न ही पीडब्ल्यूडी का कोई कर्मचारी या अधिकारी मौके पर पहुंचा।
विभागों की इस लापरवाही से क्षेत्रवासियों में भारी आक्रोश है। लोगों ने मांग की है कि विद्युत पोल को तुरंत सीधा कराया जाए या सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई और कोई अनहोनी हुई, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग और पीडब्ल्यूडी की होगी। जरूरत पड़ने पर क्षेत्रवासी आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेंगे।
नैनीताल के भवाली में हैवानियत की हदें पार, किशोरी की गर्भावस्था से मचा हड़कंप, जाने क्या है पूरी खबर
Location : गोरखपुर
Published : 5 February 2026, 4:47 PM IST
Topics : Gorakhpur News Hindi News Latest News UP News