हिंदी
पथ विक्रेताओं को व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराने की कवायद
Gorakhpur: नगर निगम क्षेत्र में बढ़ती आबादी और विस्तारित शहरी सीमा के बीच पथ विक्रेताओं को व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराने की कवायद तेज हो गई है। नगर निगम सभागार में बुधवार को नगर आयुक्त अजय जैन की अध्यक्षता में हुई पथ विक्रय समिति की बैठक में शहर में दो नए वेंडिंग जोन विकसित करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। इसके साथ ही प्रस्तावित दोनों स्थानों पर पहले से कारोबार कर रहे पथ विक्रेताओं का पुनः सर्वे कराने पर सहमति बनी।
बैठक में तय किया गया कि धर्मशाला अंडरपास स्थित शौचालय से रेलवे की बाउंड्री के समीप तथा असुरन पुल से राजकीय पॉलिटेक्निक तक वेंडिंग जोन विकसित किए जाएंगे। इन स्थानों पर वर्तमान में दुकान या ठेला लगाकर जीविका चलाने वाले पथ विक्रेताओं का दोबारा सर्वे कराया जाएगा। सर्वे के दौरान निर्धारित प्रारूप में प्रत्येक विक्रेता का आवश्यक विवरण दर्ज किया जाएगा। इसके आधार पर पात्र पथ विक्रेताओं को व्यवस्थित तरीके से वेंडिंग जोन में स्थान उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
नगर निगम का यह कदम शहर की सड़कों और प्रमुख मार्गों पर लगने वाले ठेले-खोमचे को व्यवस्थित करने के साथ ही पथ विक्रेताओं को स्थायी एवं निर्धारित स्थान उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से दुकान लगाने की समस्या को कम करने में भी मदद मिलने की उम्मीद है।
बैठक में शास्त्री चौक स्थित वेंडिंग जोन में पथ विक्रेताओं के लिए मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के कार्य को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई शीघ्र शुरू करने को कहा, ताकि यहां कारोबार करने वाले विक्रेताओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
बैठक का संचालन अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार ने किया। इसमें जीडीए, पुलिस, यातायात, लोक निर्माण विभाग, आवास विकास परिषद, परिवहन, अग्निशमन विभाग और लीड बैंक समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। सहायक नगर नियोजक जीडीए, अधिशासी अभियंता निर्माण खंड-03 लोक निर्माण विभाग, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, यातायात निरीक्षक और कर निर्धारण अधिकारी नगर निगम सहित संबंधित अधिकारियों ने भी चर्चा में भाग लिया।
Gorakhpur: गोरखपुर में दबंगई, अवैध कब्जे का विरोध करने पर परिवार पर जानलेवा हमला
पथ विक्रेताओं की ओर से पार्षद रंजुला रावत के प्रतिनिधि राधेश्याम रावत, पार्षद जियाउल इस्लाम, सुधीर कुमार झा, शमीम एजाज तथा डूडा के शहर मिशन प्रबंधक समेत अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में पथ विक्रेताओं को व्यवस्थित स्थान देने और वेंडिंग जोन की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
Location : Gorakhpur
Published : 13 August 2026, 12:25 AM IST