आखिर चलते ऑटो में कैसे गायब हुआ मंगलसूत्र? पुलिस ने घंटों में खोल दिया राज

कैम्पियरगंज थाना क्षेत्र में चलते ऑटो में सफर कर रही महिला को उस वक्त चोरी का एहसास भी नहीं हुआ, जब शातिर महिलाओं ने पलभर में उसके गले से मंगलसूत्र पार कर दिया।

Gorakhpur: कैम्पियरगंज थाना क्षेत्र में चलते ऑटो में महिला यात्री का मंगलसूत्र चोरी करने वाली दो शातिर महिलाओं को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने दोनों अभियुक्ताओं के कब्जे से चोरी किया गया मंगलसूत्र भी बरामद कर लिया है। घटना के खुलासे से पुलिस ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि सार्वजनिक वाहनों में चोरी करने वाले अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

ऑटो से सफर के दौरान हुई चोरी

पुलिस के अनुसार, सोमवार को पीड़िता अपनी देवरानी के साथ ऑटो से सफर कर रही थी। इसी दौरान ऑटो में पहले से बैठी दो महिलाओं ने बड़ी चालाकी से उसके पर्स से मंगलसूत्र निकाल लिया। कुछ देर बाद जब पीड़िता ने अपना सामान देखा तो मंगलसूत्र गायब मिला। इसके बाद उसने तत्काल कैम्पियरगंज थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक उत्तरी के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी कैम्पियरगंज के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कैम्पियरगंज के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हुई। जांच और तलाश के दौरान पुलिस ने दोनों संदिग्ध महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उनके कब्जे से चोरी किया गया मंगलसूत्र भी बरामद कर लिया गया।

स्कूल में शिक्षकों के कथित आपत्तिजनक व्यवहार पर बवाल, अभिभावकों का हंगामा

गिरफ्तार अभियुक्त

गिरफ्तार अभियुक्ताओं की पहचान मोनिका देवी पत्नी रवि तथा सजंती पत्नी विष्णु निवासी शांति नगर, थाना चीनी मिल, जनपद बक्सर (बिहार) के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमा संख्या 387/2026 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) एवं 317(2) के तहत कार्रवाई दर्ज कर दोनों महिलाओं के विरुद्ध विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।

पुलिस की जनता से अपील

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक परिवहन में यात्रा के दौरान यात्रियों को अपने पर्स, मोबाइल, आभूषण और अन्य कीमती सामान की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए। भीड़भाड़ वाले वाहनों में सक्रिय ऐसे गिरोह अक्सर यात्रियों का ध्यान भटकाकर वारदात को अंजाम देते हैं।

गोरखपुर में जिसे लोग समझ रहे थे अपहरण, उसकी हकीकत जानकर रह जाएंगे हैरान

कार्रवाई में शामिल पुलिसकर्मी

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक सुधांशु यादव, मुख्य आरक्षी मुकेश कुमार यादव, महिला आरक्षी विजय लक्ष्मी तथा महिला आरक्षी अंजली वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे पहले भी इसी तरह की घटनाओं में शामिल रही हैं या नहीं। गिरफ्तार दोनों महिलाओं को न्यायालय में पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Location :  Gorakhpur

Published :  28 July 2026, 5:58 AM IST

Advertisement