हिंदी
इलेक्ट्रिक स्कूटी चोरी का मामला सुलझा
Gorakhpur: शहर में लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए शाहपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई इलेक्ट्रिक स्कूटी बरामद कर ली।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक शाहपुर जितेन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक आशुतोष सैनी अपनी टीम के साथ संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश में जुटे थे।
इसी दौरान थाना शाहपुर पर दर्ज मुकदमा संख्या 345/2026 से संबंधित आरोपी अभिषेक पीटर को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी की गई इलेक्ट्रिक स्कूटी बरामद हुई।
पुलिस जांच में सामने आया कि 14 जुलाई 2026 को थाना शाहपुर क्षेत्र से एक महिला की इलेक्ट्रिक स्कूटी अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर ली गई थी। पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना शाहपुर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। लगातार की जा रही जांच, मुखबिर की सूचना और पुलिस की सक्रियता के चलते आरोपी तक पहुंचना संभव हो सका।
गिरफ्तारी और चोरी की स्कूटी की बरामदगी के बाद पुलिस ने मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) की भी बढ़ोतरी कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि उसका संबंध किसी वाहन चोरी गिरोह से तो नहीं है तथा उसने पूर्व में अन्य चोरी की घटनाओं को भी अंजाम दिया है या नहीं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अभिषेक पीटर पुत्र स्वर्गीय बर्नाड पीटर निवासी मकान संख्या 161-डी, घोष कंपाउंड, एलएफ स्कूल के पास, धर्मपुर, थाना शाहपुर, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है।
बरामदगी के बाद पुलिस ने मुकदमे में नई धाराएं बढ़ाते हुए आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक आशुतोष सैनी, उपनिरीक्षक चन्द्रभान सिंह, कांस्टेबल विकास कुमार यादव तथा आरक्षी शिवानंद राय की अहम भूमिका रही। शाहपुर पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरों में हड़कंप मच गया है।
Location : Gorakhpur
Published : 27 July 2026, 2:35 AM IST