हिंदी
छह माह से ठप जलापूर्ति, लोग परेशान (Img: Dynamite News)
Gorakhpur: गोरखपुर के नगर पंचायत गोला क्षेत्र के वार्ड संख्या-15 देवकली में भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट को लेकर लोगों का आक्रोश सामने आया है। पिछले करीब छह महीनों से जलापूर्ति बाधित होने के कारण स्थानीय नागरिकों ने सोमवार को देवकली बाजार में प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
स्थानीय लोगों के अनुसार देवकली स्थित पानी की टंकी से पूरे वार्ड में जल आपूर्ति होती है, लेकिन पिछले छह माह से मुख्य बाजार सहित कई हिस्सों में पानी की सप्लाई पूरी तरह बंद है। इससे 100 से अधिक घरों में गंभीर जल संकट पैदा हो गया है।
भीषण गर्मी के कारण हालात और बिगड़ गए हैं। लोगों को पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। कई परिवार निजी स्रोतों और आसपास के इलाकों पर निर्भर हो गए हैं।
स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने कोई कार्रवाई नहीं की। लोगों का कहना है कि “हर घर जल” योजना सिर्फ कागजों तक सीमित नजर आ रही है।
प्रदर्शन में बजरंगी कसौधन, भोनू गुप्ता, सोमनाथ गुप्ता, गोलू कसौधन सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द जलापूर्ति बहाल नहीं की गई तो बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा।
Location : गोरखपुर
Published : 26 May 2026, 10:09 AM IST
Topics : Gorakhpur JalSankat protest UPnews WaterCrisis