मुजफ्फरनगर में खून से सनी खुशियां: पत्नी से चल रहे विवाद के बीच दामाद ने की अंधाधुंध फायरिंग, सास समेत 3 महिलाएं घायल

मुजफ्फरनगर की पंचशील कॉलोनी में बेटे के जन्मदिन पर आए दामाद अनंत मित्तल ने मामूली विवाद में ससुराल वालों पर लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग कर दी। सास समेत 3 महिलाएं गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 26 May 2026, 9:34 AM IST
google-preferred

Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद की पंचशील कॉलोनी सोमवार देर शाम गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठी। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक सनकी दामाद ने अपने ही बेटे के जन्मदिन पर ससुराल पहुंचकर खूनी खेल खेला। मामूली विवाद के बाद दामाद ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकालकर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस जानलेवा हमले में आरोपी की सास समेत परिवार की तीन महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।

प्रेम विवाह के बाद चल रहा था कोर्ट केस

पुलिस के मुताबिक, आरोपी अनंत मित्तल का साल 2012 में पंचशील कॉलोनी निवासी राधिका मित्तल के साथ प्रेम विवाह हुआ था। दोनों का एक 13 वर्षीय बेटा यशराज मित्तल है। शादी के कुछ समय बाद से ही दोनों के बीच घरेलू विवाद शुरू हो गया, जिसके चलते राधिका पिछले काफी समय से अपने मायके में रह रही थी। दोनों का मामला कोर्ट में भी चल रहा है। अदालत के आदेश पर उनका बेटा यशराज देहरादून में अपने पिता अनंत के साथ रहकर कक्षा नौवीं में पढ़ाई कर रहा है।

हॉट टॉक के बाद पांच से छह राउंड की फायरिंग

सोमवार को यशराज का जन्मदिन था। देहरादून से अनंत मित्तल कार द्वारा अपने बेटे को लेकर ससुराल आया था। इसी दौरान ससुराल वालों से किसी बात को लेकर उसकी कहासुनी हो गई। बहस इतनी बढ़ी कि अनंत ने आपा खो दिया और अपनी लाइसेंसी पिस्टल से अंधाधुंध 5-6 राउंड गोलियां बरसा दीं। इस फायरिंग में उसकी सास समा मित्तल, साले की पत्नी अपूर्व और चाची सास सविता गोली लगने से लहू-लुहान होकर जमीन पर गिर पड़ीं।

मुजफ्फरनगर में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन: गौ माता को राष्ट्रीय पशु बनाने की मांग, कलेक्ट्रेट परिसर में दो घंटे तक हंगामा

घायल महिलाएं मेरठ रेफर, आरोपी दामाद हिरासत में

घटना की गंभीरता को देखते हुए मुजफ्फरनगर के एसएसपी संजय कुमार वर्मा स्वयं पुलिस फोर्स और डॉग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दामाद अनंत मित्तल को हिरासत में ले लिया और वारदात में इस्तेमाल लाइसेंसी पिस्टल को जप्त कर लिया। तीनों घायल महिलाओं को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेरठ रेफर कर दिया है।

मुजफ्फरनगर में दर्दनाक हादसा: ओवरब्रिज से नीचे गिरी तेज रफ्तार कार, एक ही परिवार के पांच लोग घायल

एसएसपी ने कहा- की जाएगी कठोर वैधानिक कार्रवाई

मामले की जानकारी देते हुए एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि घायल महिलाओं में से एक को कंधे पर और दो को पेट में गोली लगी है। सास की हालत थोड़ी ज्यादा गंभीर है, लेकिन शुरुआती तौर पर सभी खतरे से बाहर और बोलने की स्थिति में बताई जा रही हैं। फील्ड यूनिट और एसपी सिटी की देखरेख में मामले की गहराई से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  26 May 2026, 9:34 AM IST

Advertisement