हिंदी
गोरखपुर में आंधी ने बरपाया कहर
Gorakhpur: जिले के दक्षिणांचल क्षेत्र में सोमवार रात आई तेज आंधी और बारिश ने भारी तबाही मचाई। करीब 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली आंधी ने पूरे इलाके में कहर बरपा दिया। तेज हवाओं के चलते कई स्थानों पर बड़े-बड़े पेड़ जड़ से उखड़ गए, जबकि सड़कों के किनारे खड़े विशाल वृक्षों की मोटी डालियां टूटकर मार्गों पर गिर गईं। इससे रात से ही कई प्रमुख मार्गों पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।
सबसे अधिक असर सतुआभर, कटघर, खजनी, डोड़ो बिगही, छताई और बांसगांव मार्ग पर देखने को मिला। इन मार्गों पर जगह-जगह पेड़ और भारी डालियां गिरने से वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर सड़कें पूरी तरह बंद हो गईं, जिससे रातभर लोग फंसे रहे।
Gorakhpur Crime: 13 साल पुराने केस में इंसाफ! गोरखपुर कोर्ट का बड़ा फैसला
आंधी का असर केवल सड़कों तक सीमित नहीं रहा। तेज हवाओं के कारण बिजली के पोल भी क्षतिग्रस्त हो गए और विद्युत तार टूटकर जमीन पर गिर पड़े। इससे दक्षिणांचल के कई गांवों और इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। रातभर अंधेरे और गर्मी के बीच लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों के अनुसार, आंधी इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में बड़े-बड़े पेड़ धराशायी हो गए। कई जगहों पर लोगों ने खुद ही पेड़ों और डालियों को हटाकर रास्ता खोलने का प्रयास किया, जबकि सूचना मिलने के बाद प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें भी मौके पर पहुंचकर रास्ते साफ कराने में जुटीं।
गोरखपुर में 3 सोशल मीडिया अकाउंट्स पर मुकदमा दर्ज, इस नेता की छवि खराब करने का लगा आरोप
मौसम की इस मार ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि तेज हवाएं और आंधी किस तरह कुछ ही मिनटों में जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर सकती हैं। फिलहाल प्रशासन क्षति का आकलन करने और बाधित मार्गों को सामान्य करने में लगा हुआ है।
Location : Gorakhpur
Published : 26 May 2026, 6:55 AM IST