हिंदी
गोला थाना क्षेत्र (Source: Dynamite News)
Gorakhpur: गोरखपुर के गोला थाना क्षेत्र के चक महेशपुर गांव में मारपीट और पथराव का मामला सामने आया है। गांव निवासी इमरान पुत्र शमसाद ने पड़ोस के लोगों पर पहले लाठी-डंडों से हमला करने, आंखों में लाल मिर्च पाउडर डालने और पोखरी में छोड़कर चले जाने का आरोप लगाया है। पीड़ित का आरोप है कि अगले दिन आरोपियों ने उसके घर पर भी ईंट-पत्थर बरसाए और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित इमरान के अनुसार, वह 10 अगस्त की शाम करीब सात बजे गांव गया था। आरोप है कि इसी दौरान मेराज अंसारी पुत्र इसराइल, शहंशाह पत्नी मेराज, सलमान खान पुत्र जुबराइल अंसारी, परवेज पुत्र इसराइल और दो अन्य लोगों ने उसे अकेला पाकर घेर लिया।
इमरान का आरोप है कि सभी लोगों ने उसके साथ लात-मुक्कों और लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उसकी आंखों में लाल मिर्च पाउडर डाल दिया गया। अचानक हुए हमले से वह बुरी तरह परेशान हो गया।
पीड़ित का आरोप है कि मारपीट करने के बाद आरोपी उसे पोखरी में छोड़कर चले गए। किसी तरह वह वहां से निकलकर अपने घर पहुंचा। इमरान के मुताबिक, उसे उम्मीद थी कि मामला यहीं खत्म हो जाएगा, लेकिन अगले ही दिन फिर विवाद बढ़ गया।
सावन में सांपों का निकलना भगवान शिव का चमत्कार या कुछ और? जानिए आस्था के पीछे छिपे विज्ञान का सच
इमरान के अनुसार, 11 अगस्त की सुबह करीब छह बजे आरोपी उसके घर पर पहुंच गए और ईंट-पत्थर चलाने लगे। अचानक हुए पथराव से घर में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद परिवार की ओर से पुलिस के आपातकालीन नंबर 112 पर सूचना दी गई।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
पीड़ित ने बताया कि मारपीट में उसके सीने समेत शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं। उसने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों से खुद और परिवार को खतरा बताया है। इमरान ने मामले की निष्पक्ष जांच के साथ आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पहले प्यार, फिर तकरार…उसके बाद जो हुआ, उसने पूरे गांव को हिलाकर रख दिया
गोला थाना प्रभारी सीपी पांडेय ने बताया कि मामला पुलिस के संज्ञान में है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 191(2) और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है। घटना से जुड़े सभी तथ्यों और लगाए गए आरोपों की पड़ताल के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Location : Gorakhpur
Published : 12 August 2026, 10:51 AM IST
Topics : Breaking News Gorakhpur News up crime